कच्ची शराब के खिलाफ खोला मोर्चा
संवाद सहयोगी, पौड़ी : कोलड़ी गांव के महिला मंगल दल ने गांव में बिक रही कच्ची व अवैध शराब के खिलाफ मोर्
संवाद सहयोगी, पौड़ी : कोलड़ी गांव के महिला मंगल दल ने गांव में बिक रही कच्ची व अवैध शराब के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। महिलाओं ने कलक्ट्रेट में जोरदार नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कच्ची शराब पर रोक की मांग को लेकर जिलाधिकारी से भी मुलाकात की।
विकासखंड पौड़ी के अंतर्गत आने वाले कोलड़ी गांव की महिला मंगलदल अध्यक्ष सुषमा देवी व सामाजिक कार्यकर्ता हेमंत मोहन बिष्ट के नेतृत्व में जिला मुख्यालय आई गांव की महिलाओं ने कहा कि गांव में अवैध कच्ची व अंग्रेजी शराब का बेरोक टोक चलन है। युवा पीढ़ी शराब में डूबी है। शराबखोरी से खराब हुए माहौल में महिलाओं का जीना मुहाल हो गया है। गाली गलौच, मारपीट यहां आम हो गए हैं। अवैध शराब पर तत्काल रोक लगाने व अवैध धंधे में लिप्त लोगों को सजा दिलाने की मांग को लेकर महिलाओं ने कलक्ट्रेट परिसर में जमकर नारेबाजी की। महिलाओं ने बताया कि गांव के हालातों के बारे में संबंधित पटवारी से भी कई बार शिकायत की गई है। लेकिन, कोई कार्रवाई नहीं हुई। मजबूरन उन्हें आंदोलन जैसे कदम उठाने को बाध्य होना पड़ रहा है। प्रदर्शन के बाद समस्या के शीघ्र निदान को लेकर महिलाओं ने जिलाधिकारी के समक्ष भी अपनी बात रखी। प्रदर्शन में सुषमा देवी, मीरा देवी, सुनीता देवी, दिनेश्वरी देवी, देवेश्वरी देवी, गंगोत्री देवी, शर्मिला देवी, शांति देवी, मीनाक्षी देवी, राजी देवी आदि मौजूद थी।