सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरे भाजपाई
जागरण संवाददाता, कोटद्वार : भाजपाईयों ने कोटद्वार जिला निर्माण की मांग के साथ ही लैंसडौन वन प्रभाग क
जागरण संवाददाता, कोटद्वार : भाजपाईयों ने कोटद्वार जिला निर्माण की मांग के साथ ही लैंसडौन वन प्रभाग की चार रेंज को नेशनल पार्क में शामिल करने के विरोध में नगर में जुलूस-प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
पूर्व विधायक शैलेंद्र सिंह रावत व भाजपा जिलाध्यक्ष धीरेंद्र चौहान के नेतृत्व में भाजपाई हिंदू पंचायती धर्मशाला में एकत्र हुए व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तहसील परिसर में पहुंचे। तहसील परिसर में पहुंच जुलूस सभा में तब्दील हो गया। वक्ताओं ने प्रदेश सरकार की नीतियों को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार भाजपा शासनकाल में स्वीकृत व निर्माणाधीन योजनाओं की अनदेखी कर रही है। कहा गया कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने कोटद्वार को जिला बनाने की घोषणा कर दी थी, लेकिन कांग्रेस सरकार ने इस अधिसूचना को निरस्त कर दिया।
क्षेत्रीय विधायक पर कटाक्ष करते हुए वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्रीय विधायक की गलत राजनीति के कारण लालढांग-चिलरखाल सड़क आज तक नहीं बन पाई है। जिस तरह लैंसडौन वन प्रभाग की लालढांग व कोटद्वार रेंज को राजाजी नेशनल पार्क में शामिल किया गया है, उससे इस सड़क का निर्माण दूर की कौड़ी बन गया है। सरकार कोटद्वार क्षेत्र को वन कानूनों के जाल में फंसा कर क्षेत्र के विकास को अवरुद्ध करना चाह रही है, जिसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ भाजपा आंदोलन छेड़ेगी।
प्रदर्शन करने वालों में भाजपा प्रदेश पार्षद शैलेंद्र सिंह बिष्ट, पूर्व प्रमुख भुवनेश खर्कवाल, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अमित भारद्वाज, नगर अध्यक्ष मंगतराम अग्रवाल, पं.राजेंद्र अण्थवाल, कैलाश थलेड़ी, सिद्धार्थ नैथानी, विवेक अग्रवाल, बलदेव नेगी, आशुतोष तिवारी, संजय पंथवाल सहित कई अन्य शामिल रहे। संचालन जिला महामंत्री प्रवीण पुरोहित ने किया।