डा. यशवंत को उमेश डोभाल स्मृति सम्मान
संवाद सहयोगी, पौड़ी: मुख्यालय में उमेश डोभाल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित रजत जयंती समारोह में पुरा
संवाद सहयोगी, पौड़ी: मुख्यालय में उमेश डोभाल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित रजत जयंती समारोह में पुरातत्वविद् डॉ. यशवंत कठौच को उमेश डोभाल सम्मान से सम्मानित किया गया। उनकी गैरहाजिरी में यह सम्मान ट्रस्ट के न्यासी रविंद्र रावत ने प्राप्त किया। दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार स्व. डॉ. उमाशंकर थपलियाल और उनके पुत्र स्व. भवानी शंकर को मरणोपरांत विशिष्ठ सम्मान दिया गया जबकि धूम सिंह और निरंजन भी पुरस्कार से नवाजे गए।
बुधवार को निर्धारित समय पर संस्कृति भवन के प्रेक्षाग्रह में उमेश डोभाल स्मृति सम्मान समारोह शुरू हुआ। ट्रस्ट के अध्यक्ष गोविंद पंत राजू व साहित्यकार डॉ. शेखर पाठक ने स्मृति सम्मान और युवा पत्रकारिता पुरस्कारों का वितरण किया। उमेश डोभाल स्मृति सम्मान के लिए पुरातत्वविद् डा. यशवंत कठौच का नाम था, लेकिन वह समारोह में नहीं पहुंचे। उनके स्थान पर ट्रस्ट के न्यासी रविंद्र रावत ने उनका सम्मान लिया। समाज सेवी धूम सिंह नेगी को राजेंद्र रावत जन सरोकार पुरस्कार से नवाजा गया, तो गिरीश तिवारी गिर्दा जनकवि सम्मान निरंजन सुयाल को दिया गया। ट्रस्ट की ओर से हाल में दिवंगत हुए वरिष्ठ पत्रकार डॉ. उमा शंकर थपलियाल व उनके पुत्र पत्रकार स्व. भवानी शंकर थपलियाल को मरणोपरांत विशिष्ठ सम्मान दिया गया। यह सम्मान वरिष्ठ पत्रकार की नातिन चेतना ने लिया। युवा पत्रकार पुरस्कार के लिए प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में उत्कृष्ठ कार्य करने वाली देहरादून की नेहा पंत, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पंकज गैरोला तथा साइबर मीडिया के क्षेत्र में हल्द्वानी के चंद्रशेखर करगेती को पुरस्कृत किया गया।
बदलते परिवेश में जन प्रतिरोध विषय पर आयोजित व्याख्यानमाला में तीसरी दुनिया के संपादक आनंद स्वरूप ने जन प्रतिरोध के विभिन्न पहलुओं पर रोशनी डाली। उन्होंने नकारात्मक विरोध की मानसिकता छोड़कर सकारात्मक दृष्टिकोण से लिए गए निर्णयों को ही जनहित में बेहतर बताया। समापन पर ट्रस्ट के अध्यक्ष गोविंद पंत राजू ने सभी सहयोगियों का आभार जताया। इस मौके पर ट्रस्ट के कार्यकारी अध्यक्ष विमल नेगी, लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी, पुरुषोत्तम असनोड़ा, अरविंद मुद्गल, उमाचरण बड़थ्वाल, त्रिभुवन उनियाल आदि मौजूद थे। संचालन गणेश कुकसाल ने किया।