विधायक से वार्ता के बाद दस तक आमरण अनशन स्थगित
जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल: राजकीय संयुक्त अस्पताल को मेडिकल कालेज में मिलाने के विरोध में संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले चल रहा धरना प्रदर्शन आंदोलन 47 वें दिन शुक्रवार को संयुक्त अस्पताल परिसर में जारी रहा। श्रीनगर विधायक गणेश गोदियाल के साथ बीते गुरुवार हुई वार्ता और विधायक के आश्वासन पर आंदोलनकारियों ने शुक्रवार से शुरू होने वाला आमरण अनशन अब आगामी दस सितम्बर तक के लिए स्थगित कर दिया है। संघर्ष समिति के अध्यक्ष अनिल स्वामी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दस सितम्बर तक मांग पर सकारात्मक कार्यवाही नहीं की गयी तो आगामी 11 सितम्बर से आमरण अनशन शुरू कर दिया जाएगा।
धरना स्थल पर आयोजित बैठक में आंदोलनकारियों की वार्ता कमेटी का भी गठन किया गया, जो आंदोलन के संदर्भ में मुख्यमंत्री, विधायक एवं शासन प्रशासन के साथ वार्ता करेगी। अनिल स्वामी, जगदम्बा प्रसाद रतूड़ी, जय सिंह भंडारी, पीबी डोभाल, कैप्टन सते सिंह भंडारी को कमेटी में शामिल किया गया है। हरि सिंह बैठक और नवीन नौटियाल ने बैठक का संयुक्त रूप से संचालन किया। शुक्रवार को बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुषों ने धरना प्रदर्शन में भागीदारी की। गणेश टम्टा, देवेंद्र राणा, सुधाकर भट्ट, गोदाम्बरी देवी, शकुन्तला कगडि़याल, बीना रावत, मीना रावत, आशा रुडोला, मुन्नी पुरी, शकुन्तला भट्ट, नरेश नौटियाल, फते लाल, रामकृष्ण पुरी, अनीता रावत, गायत्री थपलियाल, मुन्नी पुरी, शिवचरण रावत सहित अन्य कई आंदोलनकारी धरना प्रदर्शन में शामिल थे।