पर्यावरण पर मंडरा रहे खतरे से किया आगाह
जागरण संवाददाता, पौड़ी: हिमालय बचाओ पद यात्रा शुक्रवार को एकेश्वर ब्लॉक के गडरी गांव पहुंची। यात्रा के दौरान अभियान के सदस्यों ने विभिन्न गांवों में जन जागरुकता अभियान चलाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया।
रणस्वा गांव में आयोजित गोष्ठी में अभियान के सदस्य समीर रतूड़ी ने कहा कि मौजूदा समय में पहाड़ के पर्यावरण पर संकट के बादल छाए हैं। ऐसे में यदि समय रहते आम जन इसके संरक्षण के लिए आगे नहीं आए तो स्थिति और भी भयावह हो सकती है। गोष्ठी के दौरान समिति सदस्यों ने चकबंदी को आवश्यक रूप से लागू करने, पहाड़ के सुनियोजित विकास के लिए राजधानी पहाड़ में ही बनाने, स्थानीय संसाधनों का प्रयोग स्थानीय जनता के लिए ही करने की बात कही। इसके अलावा पहाड़ों से लगातार हो रहे पलायन के कारणों पर भी चर्चा हुई। उनका कहना था कि हिमालय ही जीवन का आधार है, जिससे अनावश्यक छेड़छाड़ ठीक नहीं है। पद यात्रा में विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ ही पर्यावरणविद् और युवा भी शामिल हुए। यात्रा का समापन आगामी 18 अप्रैल को गैरसैंण में होगा। इस मौके पर देव सिंह, संदीप रावत, यशवंत, समीर आदि शामिल थे।