नौकरशाही का भगवान मालिक
नैनीताल : सूबे की नौकरशाही की कार्यप्रणाली को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय खुश नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की नौकरशाही का भगवान ही मालिक है। आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने मानसरोवर यात्रा के लिए एक और रुट खोलकर जनता की भावनाओं का शोषण किया है।
सोमवार को नैनीताल क्लब में पीसीसी अध्यक्ष उपाध्याय ने कहा कि केंद्र सरकार राज्य की उपेक्षा के साथ अपमानित भी कर रही है। केंद्र कैलास मानसरोवर यात्रा की धार्मिक पहचान समाप्त कर उपचुनावों व पंचायतों में हार का बदला ले रहा है। उन्होंने कहा कि गैरसैंण को राजधानी बनाने की दिशा में सरकार आगे बढ़ रही है। सरकार ने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान को समिति बनाई है। इसलिए हड़ताल के बजाय कर्मचारी संगठनों को वार्ता से मसले सुलझाने चाहिए। इस मौके पर विधायक सरिता आर्य, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल, पूर्व विधायक डा. महेंद्र पाल, नगर अध्यक्ष मारुति साह आदि मौजूद थे।
शाह से ब्लैकमेल हो रहे मोदी
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ब्लैकमेल कर रहे हैं। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष की बयानबाजी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि भट्ट को अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बारे में भी विचार करना चाहिए।