सर्किल रेट में वृद्धि के खिलाफ भाजयुमो का प्रदर्शन
जमीनों के सर्किल रेट में की गई वृद्धि के खिलाफ भारतीय जनता युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी तहसील पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने सरकार पर आम लोगों के हितों से कोई सरोकार न होने का आरोप भी लगाया।
हल्द्वानी। जमीनों के सर्किल रेट में वृद्धि के खिलाफ भारतीय युवा जनता मोर्चा कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। मूल्य वृद्धि को वापस लेने की मांग को लेकर कार्यकर्ताओ ने तहसील परिसर में प्रदर्शन कर धरना दिया।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष विकास भगत के नेतृत्व में कार्यकर्ता तहसील परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार पर महंगाई बढ़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दिनोंदिन बढ़ती महंगाई से आम जनता त्रस्त है। वहीं सर्किल रेट में वृद्धि से आम व्यक्ति के लिए मकान बनाना मुश्किल हो गया है। ऐसे में लगता है कि जनता के हितों से सरकार का कोई सरोकार नहीं रह गया है।
भाजयुमो के जिला प्रवक्ता मदन मोहन जोशी ने कहा कि एक ओर आपदा के बाद से प्रॉपर्टी कारोबार प्रभावित हुआ है। दूसरी ओर सरकार ने 100 फीसद तक जमीनों के रेट बढ़ा दिए है। इससे कम आय वर्ग के लोगों के लिए जमीन खरीदना व घर बनाना भी मुश्किल हो जाएगा। धरने पर बैठने वालों में नीरज बिष्ट, संदीप भोज, रवि दुर्गापाल आदि शामिल थे।
पढ़ें-भाजपा विधायक ने उतारे सीएम हरीश रावत के जूते, पढ़ें खबर