बप्पा के घर घुसे चोर, दान पात्र साफ
हल्द्वानी : आम इंसान का घर छोड़ अब चोरों ने भगवान के घर का रुख कर लिया है। रात चोरों ने गणेश महोत्सव में रखे दानपात्र को अपना निशाना बनाया और हजारों की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।
रामलीला मैदान में चल रहे गणेश महोत्सव में कई दानपात्र रखे हैं। रोज की तरह रविवार को भी महोत्सव में भीड़ थी। जो रात करीब 11 बजे पूरी तरह खत्म हो गई। बताया जाता है कि काम खत्म होने के बाद लाइट और टेंट वाले भी अपने घर चले गए। बस एक चौकीदार मौके पर रह गया, लेकिन उसे भी चोरी की भनक नहीं लगी। सुबह जब लोगों ने देखा तो एक दानपात्र का ताला टूट चुका था। आनन फानन इसकी सूचना मंगलपड़ाव पुलिस चौकी को दी गई। पुलिस ने मामले में रात महोत्सव में मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की। इसके अलावा भी पुलिस ने कुछ संदिग्धों से पूछताछ की है, लेकिन अभी तक कुछ पता नहीं चला। वहीं, महोत्सव पदाधिकारियों का कहना है कि दानपात्र में कितने रुपये थे यह कह पाना मुश्किल है। पदाधिकारियों ने महोत्सव स्थल पर पुलिस की मांग की है। ताकि घटना की पुनरावृत्ति न हो।