मुक्तेश्वर में गर्मी ने तोड़ा छह साल का रिकॉर्ड
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : रविवार को मुक्तेश्वर में गर्मी ने छह साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। बीते श
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी :
रविवार को मुक्तेश्वर में गर्मी ने छह साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। बीते शनिवार को मुक्तेश्वर में 2.3 एमएम बारिश हुई थी, लेकिन रविवार को सूर्यदेव की तपिश से पहाड़ में पारे ने फिर से रफ्तार पकड़ ली। यहां अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री पर रिकॉर्ड किया गया।
एक दिन की राहत के बाद रविवार को गर्मी वापस अपने पुराने रंग में आ गई। हल्द्वानी-पंतनगर सहित समूचे तराई-भाबर में दिनभर तेज धूप खिली रही। अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री के आसपास रहने से चुभती गर्मी का एहसास हुआ।
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि सोमवार को बागेश्वर व पिथौरागढ़ में हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि शेष जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। कुछ स्थानों पर आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। मैदानी इलाकों में अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 35 से 20 डिग्री के आसपास रहेगा। मुक्तेश्वर में भी सोमवार से तापमान में दो डिग्री तक की कमी आएगी।
===========
अप्रैल में मुक्तेश्वर का पिछले पांच सालों में अधिकतम तापमान
16 अप्रैल 2016= 28.3
19 अप्रैल 2015= 25.7
29 अप्रैल 2014= 27.0
29 अप्रैल 2013= 26.2
20 अप्रैल 2012= 26.5
30 अप्रैल 2011= 26.6
नोट:-अधिकतम तापमान डिग्री सेल्सियस में।