गंदगी फैलाने वाली 33 फैक्ट्रियां चिह्नित
संवाद सूत्र, मंगलौर: कस्बे में चल रही तीन दर्जन छोटी, बड़ी फैक्ट्रियों में साफ सफाई को नजरअंदाज किया
संवाद सूत्र, मंगलौर: कस्बे में चल रही तीन दर्जन छोटी, बड़ी फैक्ट्रियों में साफ सफाई को नजरअंदाज किया जा रहा है। खाने का सामान बनाने वाली इन फैक्ट्रियों में औद्योगिक कचरे का निस्तारण करने की भी कोई उचित व्यवस्था नहीं की है। इससे बीमारी फैलने का खतरा बना है। पालिका ने ऐसी 33 फैक्ट्रियों को चिह्नित किया है। इन्हें मानक पूरे करने के निर्देश दिए हैं।
मंगलौर नगर पालिका परिषद क्षेत्र में पिछले काफी समय से खाने का सामान बनाने की तीन दर्जन से ज्यादा छोटी बड़ी फैक्ट्रियां संचालित हैं। ज्यादातर फैक्ट्रियों में खाने का सामान बनाने के दौरान साफ-सफाई का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। साथ ही फैक्ट्री में निर्माण के दौरान निकलने वाले औद्योगिक कचरे का निस्तारण करने की भी कोई उचित व्यवस्था नहीं की गई है। फैक्ट्रियों से निकलने वाले कचरे को सड़क पर अन्य कचरे के साथ फेंका जा रहा है। इसके कारण जहां पर्यावरण मानकों का खुला उल्लंघन किया जा रहा है। वहीं आसपास में रहने वाले परिवार के लोगों के स्वास्थ्य से भी खिलवाड़ किया जा रहा है। मुकेश वर्मा, श्याम सुंदर शर्मा, सुशील कुमार, अहसान आदि का कहना है कि फैक्ट्रियों में सफाई न होने से वहां बनने वाले सामान को खाने से बीमार होने का खतरा रहता है। नगरपालिका के सफाई निरीक्षक राजीव सैनी ने बताया कि शिकायतें मिलने पर कस्बे में फैक्ट्रियों का निरीक्षण किया है। माल निर्माण के दौरान मानक पूरे न करने वाली 33 फैक्ट्रियों को चिह्नित किया है। इन्हें मानक पूरे करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।