तीनों महिला चिकित्सक छुट्टी पर, मरीज रेफर
जागरण संवाददाता,रुड़की : सिविल अस्पताल में डॉक्टरों की मनमानी मरीजों पर भारी पड़ रही है। महिला चिकित्स
जागरण संवाददाता,रुड़की : सिविल अस्पताल में डॉक्टरों की मनमानी मरीजों पर भारी पड़ रही है। महिला चिकित्सकों के अभाव में मरीजों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। प्रसूताओं को समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा है। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बहादराबाद सीएचसी से एक महिला चिकित्सक आ रही हैं, लेकिन इससे भी विशेष राहत नहीं है।
सिविल अस्पताल क्षेत्र का सबसे बड़ा अस्पताल है, लेकिन यहां डाक्टरों की कमी है। फिजीशियन आदि विशेषज्ञ डाक्टरों की कमी ज्यादा खल रही है। पिछले कुछ समय से अस्पताल में महिला चिकित्सकों का टोटा है। तीन में से एक भी चिकित्सक अस्पताल में नहीं है। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुणा डबराल 14 अप्रैल से अवकाश पर हैं जबकि एक मई से दो अन्य चिकित्सक विभिन्न कारणों से अवकाश पर हैं। इससे महिला मरीजों को खासी परेशानी हो रही है। हालांकि बीच में एक महिला चिकित्सक वापस आई थी लेकिन वे दोबारा अवकाश पर चली गई हैं। बताते चलें कि महिला ओपीडी में रोजाना 40 से 50 मरीज इलाज को पहुंचती हैं। इनमें तीन से चार डिलीवरी भी होती है। मजबूरी में स्टाफ नर्स को ही डिलीवरी करानी पड़ रही है। जटिल मामले रेफर हो रहे हैं। सीएमएस डॉ. संजय कंसल ने बताया कि महिला चिकित्सकों के एक साथ अवकाश पर जाने से दिक्कतें तो हो रही हैं। मरीजों को ज्यादा असुविधाएं न हों, इसके लिये बहादराबाद सीएचसी से एक महिला चिकित्सक की सेवा ली जा रही है।