डिस्चार्ज स्लिप न देने का आरोप,अस्पताल में हंगामा
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: मरीज की हालत में सुधार नहीं होने व डिस्चार्ज स्लिप नहीं देने का आरोप लगाक
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: मरीज की हालत में सुधार नहीं होने व डिस्चार्ज स्लिप नहीं देने का आरोप लगाकर तीमारदारों ने निजी अस्पताल में जमकर हंगामा किया। इससे तीमारदारों व स्वास्थ्य कर्मियों के बीच नोकझोंक हो गई। पुलिस के पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ।
जानकारी के अनुसार किशनपुर निवासी एक विवाहिता की तबीयत खराब थी। परिजनों ने विवाहिता को 14 अप्रैल को कनखल स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। 19 अप्रैल तक विवाहिता अस्पताल में रही। इसके बाद परिजन विवाहिता को लेकर चले गए। 20 को दुबारा से हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर निजी अस्पताल पहुंचे। आरोप है कि निजी अस्पताल में उपचार के बाद भी विवाहिता की सेहत में सुधार नहीं हुआ। इस पर रविवार को परिजनों ने अस्पताल में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा काटा। परिजनों ने डिस्चार्ज नहीं करने का आरोप लगाया। इस पर अस्पताल में दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर थानाध्यक्ष नत्थीलाल उनियाल पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों से जानकारी ली। पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन से तीमारदारों को डिस्चार्ज स्लिप दिलाई, जिसके बाद मामला शांत हो गया। एसओ ने बताया कि परिजन मरीज को लेकर वापस चले गए।