उत्तराखंड सीमा पर रोके सिख जत्थे, नोकझोंक
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: बुधवार को हरकी पैड़ी स्थित भारत स्काउट गाइड भवन पर कब्जा लेने का सिख जत्थो
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: बुधवार को हरकी पैड़ी स्थित भारत स्काउट गाइड भवन पर कब्जा लेने का सिख जत्थों का प्रयास पुलिस की सख्ती के चलते सफल नहीं हो सका। पुलिस ने उत्तर प्रदेश से सटी हरिद्वार की सीमा पर जहां सिख जत्थों को प्रवेश नहीं करने दिया वहीं पौंटा साहिब से हरिद्वार के लिए चले जत्थे को हिमाचल सीमा पर ही रोक लिया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और सिख जत्थों में तीखी नोकझोंक भी हुई। सिख जत्थों को रोकने के लिए कुल्हाल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। उधर, ऑल इंडिया सिख कांफ्रेंस के अध्यक्ष गुरुचरण सिंह बब्बर समेत पंद्रह लोगों के खिलाफ सड़क जाम करने के आरोप में विकासनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
ऑल इंडिया सिख कांफ्रेंस के अध्यक्ष गुरुचरण सिंह बब्बर ने हरकी पैड़ी स्थित भारत स्काउट भवन को गुरुद्वार ज्ञान गोदड़ी बताते हुए श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव पर वहां कब्जा करने का एलान किया था। इसी को लेकर हरिद्वार में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। सिख जत्थों की चेतावनी को देखते हुए पुरकाजी मार्ग, मंडावर मार्ग, बिजनौर मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया था। गांव ऐथल, ज्वालापुर, पथरी में भी पुलिस तैनात की गई थी। उधर, पौंटा साहिब से सुबह 11 बजे करीब ऑल इंडिया सिख कांफ्रेंस के अध्यक्ष गुरुचरण सिंह बब्बर के नेतृत्व में एक जत्था हरिद्वार के लिए चला लेकिन भारी पुलिस बल के कारण कुल्हाल चैकपोस्ट पर रुक गया। सिख नेताओं ने इसका विरोध किया लेकिन पुलिस अधिकारियों ने एक नहीं सुनी। एसपी देहात गिरीश चंद्र ध्यानी ने बताया कि बब्बर समेत पंद्रह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस बीच, एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस ने कहा कि सीमा पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। उधर, बब्बर ने कहा कि जल्दी ही नई रणनीति बनाई जाएगी।