कांग्रेस राज में बिक रहे थाने, जिले हो रहे नीलाम : निशंक
जागरण संवाददाता, रुड़की : रुड़की की बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराधों के विरोध में शुक्रवार को तह
जागरण संवाददाता, रुड़की : रुड़की की बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराधों के विरोध में शुक्रवार को तहसील में आयोजित धरना सभा को संबोधित करते हुए हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक प्रदेश सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने हमलावर होते हुए कहा कि प्रदेश भर में अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं और प्रदेश की कांग्रेस शासित सरकार सो रही है। कांग्रेस राज में थाने बिक रहे हैं तो जिले नीलाम हो रहे हैं। नौजवान, किसान हक के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। जरूरत संवेदनहीन सरकार को जगाने की है। जल्द अपराधों पर प्रभावी अंकुश नहीं लगा तो भाजपाई सड़कों पर उतर बड़ा जनांदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
इस दौरान डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि कांग्रेस राज में कोई भी सुरक्षित नहीं रह गया है। दिनदहाड़े चोरी, डकैती, लूट, हत्या, दुष्कर्म आदि की घटनाएं हो रही हैं और पुलिस तमाशबीन बनी है। सत्ता के शीर्ष पर बैठे पुलिस तंत्र का दुरुपयोग कर रहे हैं। फेरूपुर कांड भी प्रदेश सरकार की कार्यशैली की चुगली कर रही है। अपराधी को पकड़ना तो दूर सरकार ने सीबीआइ जांच के लिए संस्तुति तक नहीं की। किसानों को फसलों का वाजिब पैसा लेने के लिए गिड़गिड़ाना पड़ रहा है। आज रोजगार के लिए हताश निराश नौजवान दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। खनन पट्टों पर रोक के बाद भी दिन रात गंगा का सीना छलनी किया जा रहा है। कहा कि सीडी कांड गलत है तो मुख्यमंत्री सीबीआइ जांच क्यों नहीं करा रहे। यदि सही है तो वे नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देकर संबंधित के विरुद्ध मुकदमा क्यों नहीं दर्ज करा रहे। उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है गुंडाराज को उखाड़ फेंकने का। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अश्विनी कौशिक ने कहा कि आज किसान की हालत खराब है। गन्ना भुगतान की मांग को लेकर कई महीनों से वो धरने पर बैठे हैं। गूंगी और बहरी भ्रष्ट सरकार के कानों पर जूं नहीं रेंग रही। भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल ¨सह, नगर अध्यक्ष सौरभ गुप्ता, पूर्व विधायक सुरेशचंद जैन, देशराज कर्णवाल समेत कई भाजपाइयों ने भी सभा को संबोधित किया।
सांसद ने खूब कराया इंतजार
तहसील परिसर में भाइपाइयों का धरना कार्यक्रम ग्यारह बजे नियत था। लेकिन, सांसद महोदय करीब चार घंटे विलंब से कार्यक्रम में पहुंचे। सांसद के इंतजार में कई कार्यकर्ताओं के सब्र का बांध टूट गया और वे कार्यक्रम से चलते भी बने।