घाटों पर खड़े दोपहिया वाहनों की निकाली हवा
जागरण संवाददाता, हरिद्वार : गंगा घाटों पर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेशों का पालन कराने गई नगर निगम
जागरण संवाददाता, हरिद्वार : गंगा घाटों पर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेशों का पालन कराने गई नगर निगम की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। घाटों पर खड़े दोपहिया वाहनों की हवा निकालने पर व्यापारियों ने हंगामा किया। व्यापारियों व मुख्य नगर अधिकारी के बीच नोकझोंक भी हुई।
शुक्रवार को मुख्य नगर अधिकारी विप्रा त्रिवेदी ने घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एमएनए ने पाया कि सुभाष घाट व नाई घाट के समीप दोपहिया वाहनों की कतारे लगी हैं। इससे आने जाने में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर एमएनए ने नाराजगी जताते हुए व्यापारियों से वाहन हटाने के लिए कहा। एमएनए ने आधा घंटे का समय व्यापारियों व बाइक स्वामियों को दिया, लेकिन सिर्फ तीन लोगों ने ही बाइक हटवाई। इस पर एमएनए के निर्देश पर कर्मचारियों ने पुलिस की मदद से दोपहिया वाहनों की हवा निकालनी शुरू कर दी। कुछ साइकिल हरकी पैड़ी चौकी भिजवाई गई। करीब छह दोपहिया वाहनों के टायर की हवा निकालने पर व्यापारियों का पारा चढ़ गया। उन्होंने कहा कि पार्किंग न होने के चलते लोगों को घाटों पर वाहन लाने पड़ते हैं। इस पर एमएनए ने कहा कि घाटों पर वाहन खड़ा करना एनजीटी के आदेशों का उल्लंघन है। एमएनए ने व्यापारियों को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। एमएनए ने कहा कि कहीं और वाहन खड़ा किया जाए। घाटों पर वाहन खड़ा करने पर पुलिस उन्हें सीज करेगी। एमएनए ने बताया कि घाटों पर ही वाहन धोने की भी शिकायत मिली है।