गाय चोरी कर रहे एक आरोपी को पकड़ा, दूसरा फरार
संवाद सूत्र भगवानपुर: अकबरपुर कालसो गांव में रविवार तड़के एक ग्रामीण के घेर से गाय चोरी करने का प्रया
संवाद सूत्र भगवानपुर: अकबरपुर कालसो गांव में रविवार तड़के एक ग्रामीण के घेर से गाय चोरी करने का प्रयास कर रहे एक आरोपी को ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दबोच लिया। जिसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
अकबरपुर कालसो गांव निवासी अनिल का घर के पास ही घेर है। रविवार की सुबह करीब पांच बजे अनिल के घेर के पास एक मैक्स जीप आकर रुकी। एक युवक तो मैक्स जीप से उतरकर अनिल के घेर में घुसकर गाय चोरी करने लगा। जबकि दूसरा आरोपी वाहन में ही बैठा रहा। इसी दौरान अनिल पशुओं को चारा डालने के लिए वहां पहुंचा तो उसकी नजर गाय चोरी कर रहे आरोपी पर गई। इस पर अनिल ने शोर मचा दिया। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और एक आरोपी को दबोच लिया। इसी बीच जीप में सवार दूसरा आरोपी वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। जिसके बाद ग्रामीणो ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। थानाध्यक्ष योगेंद्र पाल सिंह भदौरिया ने बताया कि पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम रहमान निवासी खेलड़ी बताया। उन्होंने बताया कि आरोपी अपने भाई नफीस के साथ गाय चोरी करने आया था। इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। वहीं इस मामले की सूचना मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता भी थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।