पारे ने लगाई छलांग, 39 डिग्री पर पहुंचा
जागरण संवाददाता, रुड़की: मंगलवार को पारे ने एक डिग्री की छलांग लगाई। अधिकतम तापमान बढ़कर 39.1 डिग्री
जागरण संवाददाता, रुड़की: मंगलवार को पारे ने एक डिग्री की छलांग लगाई। अधिकतम तापमान बढ़कर 39.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। जिसके चलते लोगों को दिनभर गर्मी से बेहाल होना पड़ा।
मौसम का मिजाज दिनोंदिन और अधिक गर्म होता जा रहा है। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था, जबकि मंगलवार को तापमान बढ़कर 39.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। उधर, आइआइटी के जल संसाधन एवं विकास प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को न्यूनतम तापमान में सोमवार की तुलना में करीब एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। उधर, मंगलवार को सुबह से ही आसमान में खिली चटक धूप ने लोगों के पसीने छुड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। दिनभर लोगों को आग उगलती गर्मी का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय स्कूल से आने वाले बच्चों को तेज धूप के कारण काफी परेशानी हुई। उधर, जैसे-जैसे गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, वैसे ही दिनभर में लगने वाले पावर कटों और पानी की किल्लत ने भी शहरवासियों का जीना मुहाल करना शुरू कर दिया है। गर्मी का सीजन शुरू होते ही शहर की अधिकांश कॉलोनियों में लो प्रेशर पानी की समस्या ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
पंखों की रफ्तार फुल, कूलर भी निकले
गर्मी बढ़ने के साथ ही घर और कार्यालयों में पंखों की रफ्तार फुल हो गई। वहीं चुभती-जलती गर्मी से राहत पाने के लिए लोगों ने कूलर चलाने शुरू कर दिए हैं। कूलर की ठंडी-ठंडी हवा से लोग गर्मी के अहसास को कुछ कम कर रहे हैं।
---
रीना डंडरियाल