एसडीएम की मौजूदगी में फसल फूंकने की कोशिश
संवाद सूत्र, भगवानपुर: करौंदी गांव में सोमवार को किसानों द्वारा गेहूं की फसल फूंके जाने के मामले
संवाद सूत्र, भगवानपुर:
करौंदी गांव में सोमवार को किसानों द्वारा गेहूं की फसल फूंके जाने के मामले में मंगलवार को एसडीएम की अगुवाई में प्रशासनिक टीम गांव पहुंची। हालांकि इस दौरान टीम की मौजूदगी में ही किसानों ने फसल को आग लगाने की कोशिश की। इससे वहां हड़कंप मच गया। इस दौरान एक किसान को हिरासत में ले लिया गया। इसको लेकर किसान भड़क गए। किसान और प्रशासनिक टीम के बीच झड़प भी हुई। बाद में किसी तरह मामला शांत हुआ। बताया गया कि आग बुझाने के चक्कर में एक होमगार्ड झुलस गए जबकि राजस्व कर्मी बाल-बाल बचे।
सोमवार को करौंदी गांव के किसानों ने फसल का सर्वे न होने पर गेहूं की 13 बीघा फसल को आग के हवाले कर दिया था। इस घटना से प्रशासन में हड़कंप मच गया। मंगलवार को रुड़की के एसडीएम मोहम्मद नासिर, तहसीलदार प्रकाश शाह, जिला बंदोबस्त अधिकारी टीकम सिंह चौहान आदि अधिकारी कानूनगो और लेखपालों को लेकर गांव पहुंचे। यहां से उन्होंने किसानों को साथ लेकर खेत पर जाकर छानबीन शुरू की। तहसीलदार प्रकाश शाह ने किसान सुखदेव से फसल में आग लगाने की वजह पूछी। आरोप है कि प्रशासनिक टीम ने किसान को धमकाया, जिस पर किसान आक्रोशित हो गए। किसान सुखदेव ने एसडीएम की मौजूदगी में ही अपने दूसरे खेत में आग लगा दी। इससे प्रशासनिक टीम हक्का-बक्का रह गई। लेखपाल, कानूनगो और अधिकारियों की सुरक्षा में लगे होमगार्डो ने मिट्टी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। बताया गया कि इस दौरान होमगार्ड और राजस्व कर्मी झुलस गए। इस पर प्रशासनिक टीम ने किसान सुखेदव को हिरासत में ले लिया, इसके बाद तो किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रधानपति सतेन्द्र सिंह, ओमवीर सिंह, राजबीर सिंह, कालूराम, महीपाल, तेल्लूराम, प्रमोद कुमार, सेवाराम, गुरवीर सिंह आदि किसानों ने नारेबाजी शुरु कर दी। किसानों ने फिर आग लगाने की कोशिश की। जिस पर प्रशासनिक टीम ने बमुश्किल उन्हें रोका। एसडीएम ने किसानों को बताया कि प्रशासन उनके साथ है, हर संभव मदद दी जाएगी। किसानों का काफी नुकसान हो चुका है।
खुल गई सर्वे की पोल
बारिश और ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसल का प्रशासन ने सर्वे करने के लिए कहा था। करौंदी गांव में मंगलवार को पहुंची अधिकारियों की टीम के सामने ही किसानों ने आरोप लगाया कि अभी तक गांव में सर्वे हुआ ही नहीं है तो वहां मौजूद राजस्व कर्मी बंगले झांकने लगे। लेखपाल कोई जवाब नहीं दे पाए। इस पर एसडीएम मोहम्मद नासिर ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। गड़बड़ी पाई गई तो संबंधित के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।