हुड़दंगियों पर सीसीटीवी कैमरे की रहेगी नजर
संवाद सहयोगी, हरिद्वार: होली का त्योहार सकुशल संपन्न कराना हमेशा पुलिस के लिए चुनौती रहा है। जनपद के
संवाद सहयोगी, हरिद्वार: होली का त्योहार सकुशल संपन्न कराना हमेशा पुलिस के लिए चुनौती रहा है। जनपद के बेहद संवेदनशील धनपुरा क्षेत्र में हर साल होली के दिन बवाल होता है। इस बार पुलिस यहां हुड़दंगियों की पहचान को सीसीटीवी कैमरे लगाएगी। शांति व्यवस्था के लिए समुदाय की जिम्मेदारी भी शांति समितियों के माध्यम से तय कर दी गई है।
रंगों का पर्व होली यूं तो उल्लास का पर्व है, लेकिन इसकी आड़ में बवाल होना नई बात नहीं है। मादक पदार्थो का सेवन करने के बाद इस तरह की घटनाएं होती है। इसके साथ ही आपसी दुश्मनी को निकालने के लिए भी कई लोग इस दिन का उपयोग करते हैं। ऐसे में स्वाभाविक तौर पर होली का पर्व सकुशल संपन्न कराना पुलिस के लिए हमेशा से ही बड़ी चुनौती रहा है। साल में होने वाले पर्व-त्योहारों में होली को पुलिसिया लिहाज से भी संवेदनशील माना जाता है। जनपद में भी कई स्थान ऐसे हैं जहां कि हर साल होली के दिन बवाल होता है। सिटी सर्किल के लिहाज से धनपुरा सबसे संवदेनशील है। हर साल यहां विवाद होता है। पिछले साल भी दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। भीड़ में पुलिस के लिए हुड़दंगियों को पहचानना मुश्किल हो जाता है। इसलिए इस बार पुलिस ने क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया है। जिससे बवालियों को आसानी से पहचानकर उन पर कार्रवाई हो सके। साथ ही पुलिस ने शांति व्यवस्था के लिए समुदाय की भूमिका भी तय कर दी है। समुदाय के लोगों की शांति कमेटी बनाकर उन्हें भी जिम्मेदार बनाया गया है। होली के दिन अतिरिक्त पुलिस फोर्स भी तैनात किया जाएगा।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी उपाय किए गए हैं। किसी को भी त्योहार की आड़ में बवाल की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसा करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
स्वीटी अग्रवाल, एसएसपी हरिद्वार