जलापूर्ति ठप होने से लोग परेशान
जागरण संवाददाता, रुड़की : पिछले चार दिनों से अशोक नगर में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। इस कारण लोग
जागरण संवाददाता, रुड़की : पिछले चार दिनों से अशोक नगर में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। इस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उधर, ऊर्जा निगम का कहना है कि बिल का भुगतान नहीं होने के कारण कनेक्शन काटा गया है।
अशोक नगर कॉलोनी में शनिवार से पानी की आपूर्ति ठप हो रखी है। पानी की आपूर्ति बंद होने से लोगों को परेशानी से जूझना पड़ रहा है। कॉलोनीवासी रामेश्वरी नेगी के अनुसार पहले तो सुबह और शाम दो समय पानी की आपूर्ति होती थी। इसके बाद पिछले एक महीने से दिनभर में एक समय ही पानी आने लगा, लेकिन अब तो पानी की आपूर्ति बिल्कुल ही बंद हो गई है। रमा घिल्डियाल के अनुसार पांच दिनों से पानी नहीं आ रहा है। इस कारण काफी दिक्कत हो रही है। ठंड का मौसम होने के कारण परेशानी और बढ़ गई है। रवि चौहान बताते हैं कि लोगों की ओर से नियमित रूप से पानी का बिल भरा जाता है। इसके बावजूद कनेक्शन काट दिया गया है। उधर, ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता एमएल प्रसाद के अनुसार कनेक्शन लेने के बाद से ही बिल जमा नहीं करवाया गया है। इस समय करीबन साढ़े नौ लाख रुपये बिल बकाया है। उनके अनुसार बिल जमा नहीं करने के कारण ही कनेक्शन काटा गया है। उधर, ग्राम प्रधान बलवंत पंवार के अनुसार इस संबंध में ऊर्जा निगम के अधिकारियों से बातचीत की जा रही है।