लंबी दूरी की ट्रेनों ने बिगाड़ा संडे का मजा
जागरण संवाददाता, रुड़की : लंबी दूरी की ट्रेनों ने रविवार को यात्रियों की मुश्किलों को बढ़ा दिया। गणतं
जागरण संवाददाता, रुड़की : लंबी दूरी की ट्रेनों ने रविवार को यात्रियों की मुश्किलों को बढ़ा दिया। गणतंत्र दिवस की छुट्टी पर घर जाने के लिए निकले लोगों को रुड़की स्टेशन पर आठ घंटे तक ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा।
रविवार को सुबह के समय बाडमेर से आने वाली एक्सप्रेस छह घंटे की देरी से दोपहर बाद रुड़की रेलवे स्टेशन पर पहुंची। इसी तरह से जम्मूतवी से चलकर गोरखपुर जाने वाली एक्सप्रेस ने तो यात्रियों की परेशानी को ओर बढ़ा दिया। दो दिन की छुट्टी के चलते सुबह इस ट्रेन को पकड़ने के लिए रुड़की स्टेशन पर पहुंचे यात्रियों की परेशानी उस समय और बढ़ गई जब सुबह सात बजे आने के बजाय यह ट्रेन सात घंटे की देरी दोपहर के समय रुड़की रेलवे स्टेशन पर पहुंची। अमृतसर से हरिद्वार जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस भी एक घंटे की देरी से रुड़की स्टेशन पर पहुंची। देहरादून से सहारनपुर जाने वाली पैसेंजर भी डेढ़ घंटे की देरी से रुड़की रेलवे स्टेशन पर पहुंची। श्री गंगानगर से चलकर ऋषिकेश जाने वाली ट्रेन को दोपहर के समय रुड़की स्टेशन पर आना था लेकिन यह ट्रेन आठ घंटे की देरी से चल रही है। ऋषिकेश से चलकर श्री गंगानगर जाने वाली एक्सप्रेस के रुड़की में मध्य रात्रि के बाद पहुंचने की संभावना है। लखनऊ से चलकर सहारनपुर जाने वाली पैसेंजर गाड़ी भी अपने निर्धारित समय से चार घंटे की देरी से चल रही है। चंडीगढ़ से चलकर लखनऊ जाने वाली एक्सप्रेस भी एक घंटे की देरी से रुड़की पहुंचने की संभावना है।