जल और सीवर कर में वृद्धि से भड़के भाजपाई
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: भाजपा मध्य हरिद्वार के कार्यकर्ताओं ने जल और सीवर कर में 15 फीसद वृद्धि क
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: भाजपा मध्य हरिद्वार के कार्यकर्ताओं ने जल और सीवर कर में 15 फीसद वृद्धि के विरोध में खन्ना नगर में प्रदर्शन किया। जल्द और सीवर कर वृद्धि वापस न लेने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
व्यापार प्रकोष्ठ के महानगर संयोजक मृदुल कौशिक ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार तुगलकी फैसले लेकर जनता के शोषण पर आमादा है। अब तक के इतिहास में कभी भी जल और सीवर कर में इतनी वृद्धि नहीं हुई है। एकमुश्त इतनी वृद्धि से आमजन खुद को ठगा महसूस कर रहा है। युवा नेता दीपक टंडन ने कहा कि प्रदेश में आपदा के चलते पहले ही काम धंधों की हालत दयनीय है। उस पर जल और सीवर कर में 15 फीसद वृद्धि सरासर गलत है। संजय संतोषी ने कहा कि क्षेत्र में सीवर और पानी के अधिकतर कार्य मेला निधि से जुड़ा है। ऐसे में सरकार द्वारा कर वृद्धि करना अनुचित है।
कार्यकर्ताओं ने निर्णय लिया कि जल्द ही वृद्धि को वापस नहीं लिया गया तो कार्यकर्ता उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। प्रदर्शन करने वालों में पार्षद वंदना गुप्ता, रुचि गोयल, प्रकाश चंद, सुंदर सिंह चौहान, एमएस चौहाना, सुमित धीर, लोकेश गुप्ता, सुषमा टंडन, रमा टंडन, मंजू लोहनी, पूजा शर्मा, भावना सिंह, अयोध्या प्रसाद शर्मा, सुनील गुलाटी, विष्णु अरोड़ा, अशोक शर्मा, विमल मल्होत्रा आदि शामिल थे।