गैस आपूर्ति प्रभावित सिलेंडर के पड़े लाले
संवाद सूत्र, लक्सर: कांवड़ यात्रा के दौरान रसोई गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से गैस की किल्लत पैदा हो गई है। उपभोक्ताओं को एक सिलेंडर को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
कांवड़ यात्रा के दौरान हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बंद है। इससे आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। हाईवे समेत प्रमुख मार्गो पर यातायात बंद होने से रसोई गैस की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। इससे क्षेत्र में एक बार फिर रसोई गैस की किल्लत पैदा हो गई है। रसोई गैस की आपूर्ति न होने से उपभोक्ताओं को एक सिलेंडर के लिए कई-कई दिन इंतजार करना पड़ रहा है। नगर की एकमात्र गैस एजेंसी पर एक सप्ताह से अधिक का बैकलॉग चल रहा है।
लोग रोजाना सुबह रसोई गैस लाने के लिए एजेंसी पहुंच रहे हैं लेकिन डिपो से ही गैस न आने की जानकारी उन्हें निराश कर रही है। एजेंसी संचालक भी पर्याप्त गैस न मिलने से परेशान हैं। 25 जुलाई के बाद ही व्यवस्था पटरी पर आने की उम्मीद है।
कांवड़ मेला के चलते पीछे से ही गैस कम आ रही है। 25 जुलाई के बाद ही गैस की आपूर्ति सुचारू हो पाएगी। उपभोक्ताओं को परेशानी न हो इसके प्रयास हो रहे हैं।
डेविड मुखिया, संचालक हरिप्रिया गैस एजेंसी