पत्नी ने पति पर लगाया नहर में फेंकने का आरोप
संवाद सहयोगी, रुड़की: पति-पत्नी के एक दूसरे पर संदेह ने 18 वर्ष के रिश्ते में दरार डाल दी। पत्नी ने पति पर गंगनहर में फेंकने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की, वहीं पति ने आरोपों को निराधार बताते हुए पत्नी पर ही उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार मोहनपुरा निवासी युवती की शादी 18 वर्ष पूर्व देवबंद सहारनपुर निवासी युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद होते रहे। महिला कुछ दिन पूर्व मायके चली आई थी। दो दिन पूर्व उसका पति भी मोहनपुरा आया था। महिला का आरोप है कि दो दिन पूर्व गणेशपुर पुल के समीप पति ने उसे गंगनहर में धक्का दे दिया। महिला को गंगनहर में डूबता देख आसपास के लोगों ने उसे नहर से बाहर निकाला। महिला को 108 की सहायता से सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के बाद शनिवार को महिला ने सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर मामले की शिकायत की है। दूसरी ओर मामले में कोतवाली पहुंचे पति ने पत्नी पर ही उत्पीड़न का अरोप लगाया है। पति का आरोप है कि पत्नी स्वयं ही गंगनहर में कूदी थी। कोतवाली प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि पारिवारिक विवाद है। मामला महिला हेल्पलाइन भेजा गया है।