बदरीनाथ-केदारनाथ की यात्रा हुई सुगम, देहरादून से हेलीकॉप्टर भरेगा उड़ान
अगर आप आर्थिक रूप से सक्षम हैं और सुगमता से चारधाम यात्रा करना चाहते है तो हेली सेवा का लाभ उठा सकते हैं। बस इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) से पैकेज बुक कराना होगा।
देहरादून। अगर आप आर्थिक रूप से सक्षम हैं और सुगमता से चारधाम यात्रा करना चाहते है तो हेली सेवा का लाभ उठा सकते हैं। बस इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) से पैकेज बुक कराना होगा। इसके लिए निगम ने एक विमानन कंपनी से एमओयू किया है। यह हेली सेवा देहरादून से उपलब्ध रहेगी। इससे निगम को आर्थिक लाभ भी होगा।
चारधाम यात्रा शुरू होने में बस कुछ ही दिन शेष रह गए हैं। यात्रा की तैयारियों में जुटे निगम को इस सीजन से काफी उम्मीदें हैं। चूंकि, पर्यटन ही निगम की आर्थिकी का मुख्य साधन है, ऐसे में निगम कोई कसर नहीं छोडऩा चाहता। एक ओर जहां निगम चारधाम के मुख्य पड़ावों और धामों पर पर्यटकों के रहने-खाने आदि की सुविधाएं जुटा रहा है। वहीं यात्रा को और सुगम बनाने के लिए भी प्रयासरत है।
इसी क्रम में यात्रा को आरामदायक और कम समय में पूरी कराने के लिए जीएमवीएन ने हेली सेवा शुरू करने की कवायद की है। इसके लिए निगम ने यूटीएआइआर कंपनी से एमओयू किया है। एमओयू के मुताबिक निगम हेली सेवा प्रदान करने वाली कंपनी को पैकेज टूर उपलब्ध कराएगा। इसके एवज में निगम को एक धाम के लिए एक पैकेज बुक करने पर पांच हजार, दो धाम के लिए 10 हजार और चार धाम के लिए 15 हजार रुपये कमीशन के रूप में मिलेंगे। निगम एक-दो दिन में बुकिंग शुरू कर देगा।
"चारधाम के लिए हेली सेवा देहरादून से उपलब्ध रहेगी। जो पर्यटक इस सेवा का लाभ उठाना चाहते हैं वह निगम के जरिए बुकिंग करा सकते हैं। उम्मीद है कि इस योजना का लाभ मिलेगा। साथ ही एक और विमानन कंपनी से हेली सेवा के लिए बातचीत चल रही है।"
-बीएल राणा, महाप्रबंधक पर्यटन, जीएमवीएन
धाम शुल्क प्रति चार यात्री
चारधाम | 5,15,250 रुपये (इस पैकेज टूर में दो दिन एक रात रुकने की सुविधा होगी) |
दो धाम (केदारनाथ-बदरीनाथ) | 3,35,265 रुपये |
दो धाम (गंगोत्री-यमुनोत्री) | 2,74,800 रुपये |
एक धाम (केदानाथ) | 7000 रुपये (आना-जाना) |
एक तरफ का किराया
जाने के लिए | 4000 |
आने के लिए | 3500 |
पढ़ें:-सचिन तेंदुलकर पहुंचे मसूरी, प्रशंसकों के साथ खिंचाई फोटो