डाडामंडल का सड़क संपर्क खुला
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश :
यमकेश्वर प्रखंड के डाडामंडल से जुड़े दो रास्तों में से एक रास्ते को गौहरी रेंज की टीम ने खोल दिया है। शुक्रवार को कौडिया-किमसार मोटर मार्ग में कांडाखाल तक वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई।
प्रखंड में आई आपदा के दौरान किमसार न्याय पंचायत यानी डाडामंडल से जुड़े दोनों रास्ते बंद हो जाने के कारण समूचे क्षेत्र का सड़क संपर्क अन्य क्षेत्रों से समाप्त हो गया था। सीला के पास पैदल व मोटर पुल बहने से मार्ग अवरुद्ध हुआ। गंगा भोगपुर में सौफुटी के समीप कौडिया किमसार मार्ग पर भारी मलबा आने से दूसरा रास्ता भी बंद हो गया था। राजाजी राष्ट्रीय पार्क के क्षेत्र में आने वाली इस सड़क को गौहरी रेंज की टीम ने पार्क क्षेत्र यान ब्याली तक खोल दिया है। शुक्रवार को कांडाखाल तक रास्ता साफ होने के कारण वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। आपदा के कारण क्षेत्र खाद्यान्न संकट से जूझ रहा है। लोगों ने रास्ता खुलने के बाद सबसे पहले ऋषिकेश शहर आकर राशन की व्यवस्था की। कांडाखाल से आगे मलबा हटाकर रास्ता खोला जाना है। शनिवार तक यहां संबंधित विभाग की जेसीबी पहुंचने की उम्मीद है। बैराज लक्ष्मण झूला-दुगड्डा मोटर मार्ग, घटटूगाड-सिलोगी-गुमखाल मोटर मार्ग रास्ता भी खोल दिया गया है। आपदा के एक सप्ताह के बावजूद प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अधिकारी नहीं जागे हैं। इस योजना के अंतर्गत आने वाले कांडाखाल-किमसार मोटर मार्ग, तिलधारखाल-बुकंडी मोटर मार्ग, तिलधारखाल-यमकेश्वर मोटर मार्ग अब तक अवरुद्ध है।
---------
राहत कार्यो का जायजा लिया
उप जिलाधिकारी यमकेश्वर ने यमकेश्वर के कुछ गांवों में जाकर पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित की। उप जिलाधिकारी ने लक्ष्मण झूला थाने के प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह व पुलिस टीम के साथ राफ्ट के जरिए बैरागढ़ पहुंच कर राहत कार्यो का जायजा लिया। यहां के लोग विस्थापन की मांग पर अड़े हैं। उप जिलाधिकारी का कहना था कि यह उनके स्तर का मामला नहीं है। उन्होंने विस्थापन संबंधी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। समीप ही कुरियाल गांव से हेली रेस्क्यू कर स्वर्गाश्रम लाए गए लोग वापस गांव लौट गए हैं। इनसे भी उप जिलाधिकारी ने मुलाकात की। उन्होंने बिजनी, मोहनचट्टी, महादेवसैण आदि गांवों का भी भ्रमण किया। उप जिलाधिकारी ने बताया कि डाडामंडल में एक रास्ता खुलने के बाद शीघ्र टीम को प्रभावित गांवों में भेजा जाएगा।