उपचुनाव के बाद भी 23 वार्ड सदस्य पद रिक्त
संवाद सहयोगी, विकासनगर : त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के तहत वार्ड सदस्यों के हुए उपचुनाव की मतगणना सोमवार को चारों ब्लॉक मुख्यालयों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जौनसार बावर सहित पछवादून के कुल 37 वार्ड सदस्यों के लिए उप चुनाव हुए थे। जबकि, 23 वार्ड सदस्यों के पद अभी भी रिक्त हैं, जिन पर छह माह बाद उप चुनाव कराए जाएंगे।
गौरतलब है कि पिछले माह हुए पंचायत चुनावों के दौरान अलग-अलग कारणों से कई वार्ड सदस्यों के पद रिक्त रह गए थे, जिन पर 26 जुलाई को उपचुनाव के तहत मतदान कराया गया। चकराता ब्लॉक में एक वार्ड सदस्य का पद रिक्त था। जबकि, कालसी ब्लॉक में 148, सहसपुर में 37 और विकासनगर में 26 पद रिक्त रहे। इनमें कालसी ब्लॉक में 132 सदस्य निर्विरोध चुने गए, जबकि एक पद के लिए मतदान हुआ। इस ब्लॉक में 15 वार्ड सदस्यों के पद अभी भी रिक्त हैं। विकासनगर ब्लॉक में कुल 26 वार्ड सदस्यों के लिए उपचुनाव हुआ। जबकि, सहसपुर ब्लॉक में कुल 37 वार्ड सदस्यों के पद रिक्त थे। इनमें से 20 निर्विरोध चुने गए और नौ पर मतदान हुआ। यहां आठ पद अभी भी रिक्त हैं। सोमवार को कुल 37 सदस्य पदों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतगणना संपन्न हुई। चकराता के एसडीएम अशोक कुमार पांडेय व विकासनगर के एसडीएम अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि रिक्त वार्ड सदस्यों के पद के लिए छह माह बाद उपचुनाव कराए जाएंगे।