ढहाई 40 अवैध झोपडि़यां
जागरण संवाददाता, देहरादून: नेहरू कालोनी क्षेत्र के केदारपुरम में अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम की जेबरा
जागरण संवाददाता, देहरादून: नेहरू कालोनी क्षेत्र के केदारपुरम में अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम की जेबरा टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई को काफी हंगामा हुआ और जेसीबी के सामने कुछ महिलाएं लेट गई। इतना ही नहीं, जेसीबी पर पथराव की कोशिश भी हुई। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति नियंत्रित की। इस दौरान करीब 40 अवैध झोपड़ियां ढहा दी गई। मामले में नगर निगम की तरफ से छह लोगों पर सरकारी भूमि कब्जाने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। इनमें पुलिस ने दो महिलाओं व एक पुरुष को हिरासत में ले लिया है।
केदारपुरम, दीपनगर व डिफेंस कालोनी क्षेत्र अवैध बस्तियों का गढ़ बनता जा रहा है। यहां धड़ाधड़ अवैध बस्तियां खड़ी की जा रही हैं और इन सबके पीछे सिर्फ और सिर्फ वोट की राजनीति का खेल है। बीते रोज भी नगर निगम की जेबरा फोर्स ने यहां चार दर्जन से ज्यादा अवैध झोपड़ियां गिरा दी थी। इस दौरान निगम टीम पर पत्थर भी फेंके गए और जमकर विरोध हुआ, लेकिन कार्रवाई नहीं रुकी। मंगलवार को भी कर अधीक्षक राजेश नैथानी के निर्देशन में नगर निगम की टीम जेसीबी लेकर केदारपुरम पहुंची और वहां बनी 40 अवैध झोपड़ियां गिरा दी। इस दौरान कुछ महिलाएं जेसीबी के आगे लेट गई तो कुछ ने जेबरा टीम के साथ हाथापाई की कोशिश की। हंगामे के दौरान पुलिस बुला ली गई। पुलिस ने जब हल्का बल प्रयोग किया, तब विरोध शांत हुआ। मामले में निगम की तरफ से आधा दर्जन अतिक्रमणकारियों पर सरकारी भूमि कब्जाने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। इनमें तीन को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इनके नाम संजय, मीनाक्षी व तनिष्क बताए जा रहे हैं।
दीपनगर के पार्षद बोले, अतिक्रमण तो दूसरे वार्ड में है
दीपनगर व केदारपुरम क्षेत्र में नगर निगम की अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई के बाद दीपनगर से वार्ड नंबर-35 के पार्षद ललित भद्री मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने दावा किया कि अवैध अतिक्रमण उनके वार्ड में नहीं, बल्कि वार्ड नंबर-32 डिफेंस कालोनी में है। भद्री का दावा है कि कुछ लोग उनकी छवि खराब करने के लिए उनके वार्ड को बदनाम कर रहे हैं। मामले में जिलाधिकारी ने एमएनए से आख्या मांगी है।