तीन विभूतियों का सम्मान, बिखरे लोक के रंग
दैनिक जागरण की ओर से आयोजित 'उत्तराखंड स्वरोत्सव-2017' में लोक की सप्तरंगी छटा बिखरी और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्यों के लिए तीन विभूतियों को सम्मानित भी किया गया।
देहरादून, [जेएनएन]: दैनिक जागरण की ओर से आयोजित 'उत्तराखंड स्वरोत्सव-2017' में लोक की सप्तरंगी छटा बिखरी और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्यों के लिए तीन विभूतियों को सम्मानित भी किया गया।
ग्राफिक एरा (हिल यूनिवर्सिटी) के प्रेक्षागृह में 'उत्तराखंड स्वरोत्सव-2017' का शुभारंभ मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद तालियों की गड़गड़ाहट के बीच 'पाणी राखो' आंदोलन के प्रणेता पर्यावरणविद् सच्चिदानंद भारती, अर्जुन पुरस्कार विजेता पर्वतारोही डॉ. हर्षवंती बिष्ट और सिने अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी को पुष्प गुच्छ, शॉल और स्मृति चिह्न देकर दैनिक जागरण अचीवमेंट अवार्ड से अंलकृत किया गया।
इनका वितरण मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, काबीना मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, मदन कौशिक, ग्राफिक एरा डीम्ड विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. कमल घनशाला ने किया। लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी, प्रीतम भरतवाण, किशन महिपाल, जागर गायिका पद्मश्री बसंती बिष्ट, लोक गायिका संगीता ढौंडियाल, अनुराधा निराला का भी अभिनंदन किया गया। पुरानी और नई पीढ़ी के इन लोक संवाहकों ने अपनी-अपनी आवाज का जादू बिखेरा तो हर किसी का मन पहाड़ जा पहुंचा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि दैनिक जागरण की यह पहल सशक्त और सराहनीय है। ऐसे आयोजनों से हमारी संस्कृति में निखार आता है और अन्य लोगों को प्रेरणा भी मिलती है। जिन तीन विभूतियों को सम्मानित किया गया, वह हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इन्होंने प्रदेश या देश में नहीं, बल्कि विदेशों में भी देवभूमि का नाम रोशन किया है। संस्कृति का संरक्षण एवं संवर्धन हम सभी को मिलकर करना होगा, तभी हम संस्कृति को समृद्ध बना सकते हैं।
ग्राफिक एरा डीम्ड विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. कमल घनशाला ने दैनिक जागरण की पहल को सराहा। उन्होंने कहा कि इतने सारे कलाकारों का एक साथ मंच पर आना गौरव की बात है। इससे नवोदित कलाकार भी प्रोत्साहित होते हैं और संस्कृति के संरक्षण को बल भी मिलता है। ऐसे प्रयासों को उनका निरंतर सहयोग मिलता रहेगा। उन्होंने साजिंदों को नकद पुरस्कार भी प्रदान किया। स्वरोत्सव में ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय एवं सिडकुल ने भी सहयोग किया।
कार्यक्रम का संचालन अजय जोशी ने किया। इस मौके पर दैनिक जागरण देहरादून के महाप्रबंधक अनुराग गुप्ता, राज्य संपादक कुशल कोठियाल, महाप्रबंधक मार्केटिंग दीपक त्रिखा आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड स्वरोत्सव: लोक के रंगों में सजी यादगार शाम
यह भी पढ़ें: कैलास मानसरोवर यात्रा पहला दल पहुंचा डारछेन, करेंगे कैलास की परिक्रमा