Move to Jagran APP

20 दिसंबर के बाद मिलेंगे कांग्रेस के ब्लॉक और जिला अध्यक्ष

प्रदेश में कांग्रेस की ब्लॉक और जिला इकाइयों के अध्यक्षों की घोषणा 20 दिसंबर के बाद कर दी जाएगी। वहीं प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी का गठन अब अगले साल जनवरी माह तक टलना तय है।

By BhanuEdited By: Published: Fri, 01 Dec 2017 12:27 PM (IST)Updated: Fri, 01 Dec 2017 09:15 PM (IST)
20 दिसंबर के बाद मिलेंगे कांग्रेस के ब्लॉक और जिला अध्यक्ष

देहरादून, [राज्य ब्यूरो]: प्रदेश में कांग्रेस की ब्लॉक और जिला इकाइयों के अध्यक्षों की सूचियां तैयार हैं, लेकिन इंतजार गुजरात के विधानसभा चुनाव खत्म होने का है। ऐसे में 20 दिसंबर के बाद ही राज्य में कांग्रेस को नए ब्लॉक और जिलाध्यक्ष मिल पाएंगे। वहीं प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी का गठन अब अगले साल जनवरी माह तक टलना तकरीबन तय हो गया है। 

loksabha election banner

प्रदेश में कांग्रेस का नया संगठन गुजरात विधानसभा चुनाव निपटने के बाद ही अस्तित्व में आएगा। इसकी वजह पार्टी आलाकमान और शीर्ष नेताओं की गुजरात चुनाव में व्यस्तता है। पार्टी को प्रदेश संगठन से पहले अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष के रूप में राहुल गांधी की ताजपोशी का इंतजार भी है। 

कांग्रेस की कमान राहुल के हाथों में आने के साथ ही प्रदेश में भी नए संगठन के अस्तित्व में आने का रास्ता साफ हो जाएगा। 11 दिसंबर को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का पार्टी अध्यक्ष बनना तकरीबन तय है। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से भी राहुल को नई जिम्मेदारी सौंपने के प्रस्तावों को भेजा जाएगा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से इस संबंध में तैयारी की जा चुकी है। 

दरअसल, उत्तराखंड में कांग्रेस के 225 ब्लॉक और 26 जिला सांगठनिक इकाइयां हैं। ब्लॉक से लेकर प्रदेश स्तर तक नए अध्यक्षों और कार्यकारिणियों का गठन भी होगा। फिलवक्त जिला चुनाव अधिकारियों की ओर से ब्लॉकों और जिलों के अध्यक्षों की सूचियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। इनकी घोषणा होनी शेष है। 

माना जा रहा है कि यह घोषणा कांग्रेस को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने और गुजरात चुनाव निपटने के साथ ही 20 दिसंबर के बाद होगी। ब्लॉक और जिलाध्यक्षों की घोषणा के बाद ही प्रदेश अध्यक्ष पद पर प्रीतम सिंह के निर्वाचन पर भी मुहर लगेगी। प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन की औपचारिकता पूरी होने के बाद ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी का गठन होगा। पार्टी कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी प्रदेश की नई कार्यकारिणी अगले साल जनवरी माह में गठित होने के संकेत दिए हैं। 

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता मथुरादत्त जोशी के मुताबिक प्रदेश में कांग्रेस के सांगठनिक चुनाव की प्रक्रिया गतिमान है, एआइसीसी के अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेश में पार्टी की सांगठनिक इकाइयों को नए अध्यक्ष मिल जाएंगे।

यह भी पढ़ें: सरकार की घेराबंदी को कांग्रेस ने तरकश में सजाए तीर

यह भी पढ़ें: जनभावनाओं के अनुरूप गैरसैंण बने राजधानी: प्रेमचंद अग्रवाल

यह भी पढ़ें: शीतकालीन विधानसभा सत्र में होगी सवालों की भरमार


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.