कार्मिकों को दिया जाए तीन प्रोन्नत वेतनमान
जागरण संवाददाता, देहरादून: चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह नेगी ने
जागरण संवाददाता, देहरादून: चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह नेगी ने कहा कि 1800 ग्रेड वेतन पर नियुक्त कर्मचारी को 10 वर्ष के सेवाकाल के बावजूद मात्र 1900 का ग्रेड वेतन दिया जा रहा है। यह कर्मचारियों के साथ अन्याय है। वह सोमवार को आयोजित महासंघ के एक अधिवेशन में उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित कर रहे थे।
दीप प्रज्ज्वलित कर अधिवेशन का उद्घाटन करने के उपरांत गोविंद सिंह नेगी ने कहा कि समूह घ के कार्मिकों को 40 साल के सेवाकाल के बाद भी सिर्फ 2800 रुपये का ग्रेड का वेतन दिया जा रहा है। जबकि, अन्य संवर्गो को पूरे सेवाकाल में तीन पदोन्नत वेतनमान मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे सेवाकाल में समूह घ के कार्मिकों को तीन प्रोन्नत या पदोन्नति वेतनमान दिया जाए। अधिवेशन के द्वितीय सत्र में महासंघ की नई कार्यकारिणी का निर्विरोध निर्वाचन किया गया। इसमें सर्वसम्मति से मंगल सिंह नेगी को प्रांतीय अध्यक्ष, दिनेश चंद्र भट्ट को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, ज्ञान सिंह रावत व पान सिंह को उपाध्यक्ष, सचींद्र सिंह रावत को महामंत्री, महेंद्र सिंह रावत को कोषाध्यक्ष, त्रिलोक सिंह चौहान को ऑडिटर, विजय सिंह रमोला व इंद्रपाल सिंह को प्रचार मंत्री, अजय सिंह रावत, गणेश गुसाई व सुनिल सिंह रावत को संगठन मंत्री, राजेंद्र प्रसाद ममगाई को संरक्षक और गिरीश चंद्र कंडवाल को सलाहकार नियुक्त किया गया। इस दौरान निवर्तमान महामंत्री गिरीश कंडवाल ने दो वर्षो का लेखा जोखा प्रस्तुत किया। अधिवेशन में पित्री प्रसाद डोभाल, नत्थे सिंह, धर्म सिंह और रामनरेश आदि उपस्थित थे।