बदरीनाथ जाने वाले यात्रियों को प्रशासन ने ऋषिकेश में रोका
बदरीनाथ मार्ग पर चमोली जनपद में विष्णुप्रयाग के नजदीक हाथी पहाड़ में पहाड़ी दरकने से बाधित मार्ग अब तक नहीं खुला है। श्रद्धालुओं को ऋषिकेश में ही रोक रखा है।
ऋषिकेश, [जेएनएन]: बदरीनाथ मार्ग पर चमोली जनपद में विष्णुप्रयाग के नजदीक हाथी पहाड़ में पहाड़ी दरकने से बाधित मार्ग अब तक नहीं खुला है। ऐतिहात के तौर पर प्रशासन ने बदरीनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं को ऋषिकेश में ही रोक रखा है।
उत्तराखंड में मौसम के बदले मिजाज के बीच शुक्रवार की देर रात मूसलाधार वर्षा हुई। बद्रीनाथ मार्ग पर विष्णुप्रयाग के पास मलवा आने से बाधित मार्ग अब तक नहीं खुल पाया है। यात्रा प्रशासन की ओर से बीआरओ से लगातार संपर्क किया जा रहा है।
नोडल अधिकारी यात्रा व आरटीओ देहरादून सुधांशु गर्ग ने बताया कि दोपहर बाद रास्ता खुलने की उम्मीद है। ऋषिकेश से बदरीनाथ जाने वाले यात्रियों की परेशानी को देखते हुए उन्हें ऋषिकेश में ही रोका गया है। जैसे ही रास्ता खुलता है ऋषिकेश से इन यात्रियों को आगे रवाना किया जाएगा।
उधर, चारधाम यात्रा के लिए बसों की किल्लत बरकरार है। सयुंक्त रोटेशन के पास करीब सौ बसों की डिमांड है। जिन्हें पूरा नहीं किया गया है। शनिवार की सुबह चार धाम और दो धाम के लिए 20 पुश बैक बसों को रवाना किया गया। वहीं, 41 सीटर बसों की कमी के कारण करीब डेढ़ हजार तीर्थयात्री ऋषिकेश में ही रुके हुए हैं।
यह भी पढ़ें: भूस्खलन से बदरीनाथ हाईवे बंद, 25 हजार तीर्थयात्री फंसे
यह भी पढ़ें: विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी के लिए रास्ता बनाने का काम शुरू
यह भी पढ़ें: चीन सीमा की ज्ञानिमा मंडी के करीब पहुंचा भारत, सड़क तैयार