चैनल संचालक की गिरफ्तारी की मांग
जागरण संवाददाता, देहरादून: गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने एक न्यूज चैनल संचालक को विभिन्न अपराधों में नामजद बताते हुए, उसकी गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने संबंधित चैनल संचालक पर तमाम आरोप भी जड़े।
शुक्रवार को द्रोण होटल में पत्रकारों से रूबरू हुए जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष श्री नेगी ने एक न्यूज चैनल संचालक पर ब्लैकमेलिंग, धोखाधड़ी, जालसाजी, मारपीट व भूमाफियागिरी का आरोप लगाते हुए तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि संबंधित चैनल संचालक के खिलाफ देहरादून के न्यायालयों में 12 मुकदमे दर्ज हैं, लेकिन पुलिस उसकी गिरफ्तारी नहीं कर पा रही। चैनल संचालक के खिलाफ तीन गैरजमानती व एक जमानती वारंट भी कोर्ट जारी कर चुका है, साथ ही लुक आउट सर्कुलर भी जारी किया गया है, ताकि आरोपी को विदेश भागने से रोका जा सके। श्री नेगी ने कहा कि उक्त व्यक्ति के भगोड़ा होने पर उसके घर की कुर्की भी भी जा चुकी है, उसे पकड़ने के लिए पुलिस 2500 रुपये का इनाम भी घोषित कर चुकी है। उन्होंने कहा कि मामले में गृह विभाग भी सुस्त नजर आ रहा है। जबकि कायदे से ऐसे व्यक्ति को तुरंत गिरफ्तार करना चाहिए। पत्रकार वार्ता में सादाब शम्स, अमरजीत जायसवाल, विजय राम शर्मा, अशोक गुप्ता आदि मौजूद रहे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर