36 घंटे से बेहोश प्रिंस के होश में आने का इंतजार
जागरण संवाददाता, देहरादून: शाहजहांपुर के कारोबारी प्रिंस के मामले में पुलिस अभी भी किसी नतीजे पर नही
जागरण संवाददाता, देहरादून: शाहजहांपुर के कारोबारी प्रिंस के मामले में पुलिस अभी भी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। पुलिस निजी अस्पताल में भर्ती प्रिंस के होश में आने का इंतजार कर रही है। हालांकि, बुधवार को बरेली पुलिस भी अस्पताल पहुंची, लेकिन प्रिंस के आइसीयू में होने की वजह से परिजनों से जानकारी जुटाकर वापस लौट गई।
प्रिंस के देहरादून में मिलने को लेकर बुधवार को कई नए तथ्य तो सामने आए हैं, लेकिन यह साफ नहीं हो सका कि वह देहरादून तक पहुंचा कैसे। दरअसल प्रिंस जिस जगह मिला था, वह क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में पड़ती है। प्रिंस के पिता कृष्णानंद गुप्त ने बताया कि प्रिंस सड़क के किनारे जंगल में पड़ा हुआ था। यहीं से उसे 108 एंबुलेंस से दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। कृष्णानंद ने बताया कि वह बुधवार को क्लेमेनटाउन थाने भी गए थे, लेकिन प्रिंस के वहां तक पहुंचने के बारे में कोई खास जानकारी नहीं मिली। जिस जगह पर प्रिंस मिला था और जिन लोगों ने उसे एंबुलेंस से अस्पताल भेजा, उनसे बातचीत में पता चला कि जब प्रिंस को देखा गया उस समय वह थोड़ा होश में था। इस दौरान प्रिंस ने पिता का मोबाइल नंबर भी बताया था, लेकिन इसके बाद वह बेहोश हो गया। तब से वह बुधवार शाम तक होश में नहीं आया।
वहीं, एसपी सिटी अजय सिंह ने बताया कि प्रिंस के होश में आने के बाद ही स्थिति कुछ साफ होगी। मसलन उसके साथ जहरखुरानी हुई है या कुछ और।
किसने बदली प्रिंस की टी-शर्ट
कृष्णानंद ने बताया कि जब उन्होंने प्रिंस को देखा तो उसकी शर्ट बदली हुई थी, उसकी जगह पर उसने टी-शर्ट पहन रखी थी। शरीर के बाकी कपड़े वही थे, जिनमें शनिवार को वह घर से निकला था। उन्होंने आशंका जताई कि प्रिंस का अपहरण होने की पुष्टि करने के लिए इतना काफी है। फिलहाल उसके होश में आने पर ही सच का पता चल सकेगा।