Move to Jagran APP

बदमाशों ने व्यापारी पर झोंका फायर

जागरण संवाददाता, देहरादून: शुक्रवार रात कोतवाली क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने घर में घुसकर एक बुजुर्ग

By Edited By: Published: Sat, 13 Feb 2016 01:01 AM (IST)Updated: Sat, 13 Feb 2016 01:01 AM (IST)
बदमाशों ने व्यापारी पर झोंका फायर

जागरण संवाददाता, देहरादून: शुक्रवार रात कोतवाली क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने घर में घुसकर एक बुजुर्ग व्यापारी पर फायर झोंक दिया। व्यापारी गोली से बच गए तो आरोपियों ने तमंचे की बट से सिर पर प्रहार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। घायल को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उनके सिर पर छह टांके आए हैं। बदमाशों की संख्या का पता नहीं चल पाया है।

loksabha election banner

लक्ष्मण चौक क्षेत्र के केशव मार्ग पर व्यापारी महेंद्र सिंह मठारू की कोठी है। 80 वर्षीय मठारू यहां पत्नी यशवंत कौर के साथ रहते हैं। उनका बेटा केनरा बैंक में लुधियाना (पंजाब) में तैनात हैं, जबकि दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात आठ बजे वे पूजा करने के बाद सीढि़यों से छत पर जा रहे थे, तभी बदमाशों ने उन पर फायर झोंक दिया। लेकिन, गोली महेंद्र सिंह को न लगकर सामने दीवार में जा लगी। इसके बाद बदमाशों ने महेंद्र सिंह के सिर पर तमंचे की बट से कई वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। गोली चलने की आवाज सुनकर यशवंत कौर भी बाहर आ गईं, लेकिन तब तक बदमाश भाग निकले। पड़ोसियों की सूचना पर सीओ सिटी मनोज कुमार कत्याल और कोतवाल एसएस बिष्ट मय फोर्स मौके पर पहुंच गए। पड़ोसियों का कहना था कि उन्होंने गोली की आवाज तो सुनी, लेकिन किसी को भागते नहीं देखा। वहीं, घटनास्थल पर पड़े खून को देखकर लग रहा था कि बदमाशों और महेंद्र सिंह के बीच काफी संघर्ष हुआ। खून के छींटे सीढि़यों और नीचे बरामदे में भी पड़े हुए थे।

सीओ सिटी मनोज कत्याल का कहना है कि संभवत: महेंद्र सिंह को तमंचे की बट से घायल किया गया है। मौके से गोली बरामद कर ली गई है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर घटना की जांच कर रही है।

चोरी करने के लिए तो नहीं छिपा था कोई

घर के जिस हिस्से में यह घटना हुई, वहां शाम को सिर्फ महेंद्र ही जाते हैं। यहां रोशनी भी काफी कम रहती है। पुलिस के अनुसार हो सकता है कि कोई चोर रात में वारदात के इरादे से वहां छुपकर बैठा हो और महेंद्र सिंह की उस पर नजर पड़ गई हो। इसी दौरान दोनों में झगड़ा हुआ और बदमाश ने बचाव में गोली चला दी।

चारों तरफ है बाउंड्री पर तारबाड़ व कांच

घर के चारों तरफ करीब साढ़े छह फीट की बाउंड्री वाल है। बाउंड्री वाल पर दो तरफ तारबाड़ और एक तरफ कांच के टुकड़े लगे हुए हैं। इस कारण घर से एकाएक भागा भी नहीं जा सकता। इसलिए, बदमाश को पुलिस ने घर के भीतर भी काफी देर तक तलाश किया।

दहशत में हैं क्षेत्र के लोग

रात आठ बजे हुई इस घटना से क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। लोगों का कहना है कि महेंद्र सिंह का किसी से विवाद भी नहीं है। वह हमेशा घर के भीतर ही बागवानी आदि में अपना समय बिताते थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.