ठिठुरन के साथ अब झेलिये कोहरे की मार
जागरण संवाददाता, देहरादून : मौसम के करवट बदलने के साथ ही सूबे में अब ठिठुरन के साथ ही मैदानी इलाक
जागरण संवाददाता, देहरादून :
मौसम के करवट बदलने के साथ ही सूबे में अब ठिठुरन के साथ ही मैदानी इलाकों में कोहरा परेशानी का सबब बनेगा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान तो यही बयां कर रहा है। विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों में उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन मैदानी क्षेत्रों खासकर हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर जनपदों में सुबह कोहरा छाने की संभावना है।
उत्तराखंड में शुक्रवार को चारधाम समेत चोटियों पर हुई बर्फबारी और निचले इलाकों में हल्की वर्षा से ठिठुरन बढ़ने लगी है। शनिवार को बदरा भले ही शांत रहे, लेकिन शुक्रवार की बर्फबारी व बारिश के चलते पारे में गिरावट आई है। न्यूनतम तापमान पर्वतीय क्षेत्रों में 8-9 डिग्री सेल्सियस और मैदानी क्षेत्रों में 12 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है। मौसम विभाग की मानें तो रविवार को राज्य में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन मैदानी क्षेत्रों में कोहरा अथवा उथला कोहरा छाने की संभावना है।
दून में भी कुछ जगह रह सकता है कुहासा
राजधानी देहरादून की बात करें तो रविवार को आसमान मुख्यत: साफ रहेगा, लेकिन दोपहर बाद आंशिक रूप से बादल छाने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक सुबह के वक्त कुछ स्थानों पर कुहासा छाने की भी संभावना है। न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट आ सकती है।