चार दुकान तिराहे पर बनेगा म्यूजिकल फाउंटेन
संवाद सूत्र, मसूरी: चार दुकान तिराहे के सौंदर्यीकरण के तहत जल्द ही यहां म्यूजिकल फाउंटेन का निर्माण
संवाद सूत्र, मसूरी: चार दुकान तिराहे के सौंदर्यीकरण के तहत जल्द ही यहां म्यूजिकल फाउंटेन का निर्माण कराया जाएगा। यह निर्णय शुक्रवार को लंढौर कैंटोनमेंट बोर्ड की बैठक में लिया गया। इसके साथ ही कैंट बोर्ड एरिया में यातायात की आवाजाही कम करने को भारी वाहनों के प्रवेश को समय निर्धारित करने और कार्यालय अधीक्षक के पद पर स्थायी नियुक्ति करने का निर्णय लिया गया।
बैठक शुक्रवार को बोर्ड अध्यक्ष मेजर जनरल एस. सभरवाल की अध्यक्षता में कैंट बोर्ड रूम में आयोजित हुई। जिसमें कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष महेश चंद्र ने चार दुकान तिराहे पर म्यूजिकल फाउंटेन बनाए जाने का प्रस्ताव रखा। इसे स्वीकार करते हुए निर्णय लिया गया कि सरकार से धन आवंटित कराकर फाउंटेन का निर्माण कराया जाएगा। महेश चंद्र ने सदन में कार्यालय अधीक्षक के रिक्त चल रहे पद पर शीघ्र स्थायी नियुक्ति करने का भी प्रस्ताव रखा। फिलहाल इस पद पर सेवानिवृत्त हो चुके सीबी लखेड़ा कार्यरत हैं। उपाध्यक्ष का कहना था कि सेवानिवृत्ति के बाद भी श्री लखेड़ा कई वर्षो से अनुबंध के आधार पर कार्य करते आ रहे हैं। अब उनके स्थान पर स्थायी नियुक्ति की जानी चाहिए। इस प्रस्ताव का सभासद सुशील अग्रवाल, पुष्पा पडियार, रमेश कन्नौजिया ने समर्थन किया, जबकि चंद्रकला सयाना और बादल प्रकाश इसके विरोध में थे। हालांकि, अध्यक्ष एस. सभरवाल ने इस पद पर उपनल के माध्यम से नियुक्ति करने का आश्वासन दिया। कैंट बोर्ड में भारी वाहनों के आवागमन पर निर्णय लिया गया कि ये वाहन रात में नौ से 12 और सुबह पांच से छह बजे के बीच ही कैंट में प्रवेश कर सकेंगे। बैठक में कैंट बोर्ड के सीईओ पंकज कुमार भी उपस्थित रहे।