नई नीति से आएगी खेल संघों में पारदर्शिता
जागरण संवाददाता, देहरादून: खेल संघों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए खेल मंत्रालय जल्द नई नीति
जागरण संवाददाता, देहरादून: खेल संघों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए खेल मंत्रालय जल्द नई नीति लेकर आने वाला है। केंद्रीय खेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सर्बानंद सोनोवाल ने दावा किया है कि इस नीति के लागू होने के बाद खेल संघों घपलेबाजी पर लगाम लग सकेगी। उन्होंने बताया कि संघों की स्वायत्तता तो बनी रहे, लेकिन अंदरूनी राजनीति से खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर असर ना पड़े, मंत्रालय इस नीति से यह सुनिश्चित करेगा।
एफआरआइ में राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन कार्यक्रम में शिरकत करने केंद्रीय खेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सर्बानंद सोनोवाल गुरुवार को देहरादून पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद उन्होंने दैनिक जागरण से खास बातचीत में बताया कि भारतीय खेल प्राधिकरण के कैंप में बीते दिनों हुए हादसों के बाद जांच कमेटी बनाई गई थी, भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कमेटी ने महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं, जिसे मंत्रालय जल्द अमल में लाएगा। ख्ेाल मंत्री ने कहा कि ओलंपिक व एशियन गेम्स में भारत का प्रदर्शन सुधारने के लिए खेल मंत्रालय ने टारगेट ओलंपिक पोडियम अभियान शुरू किया है। इसके तहत जिन खेलों में पदक जीतने की ज्यादा संभावनाएं हैं उन्हें मंत्रालय ने प्राथमिकता सूची में रखा है। खेल मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के खिलाड़ी खेलों में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने व सम्मानित करने के लिए मंत्रालय कई नई योजनाएं भी लांच करने जा रहा है।
जल्द जारी होगी पहली किश्त
उत्तराखंड राज्य में आयोजित होने वाले 38वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों के लिए केंद्र सरकार शीघ्र ही बजट की पहली किश्त जारी करेगी। खेल मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि उत्तराखंड में 2018 में होने वाले राष्ट्रीय खेलों की तैयारिया शुरू हो गई हैं। मंत्रालय राज्य खेल विभाग के साथ लगातार पत्राचार भी कर रहा है। केंद्रीय खेल मंत्री ने नेशनल गेम्स की तैयारियों को लेकर सूबे के खेल मंत्री दिनेश अग्रवाल से भी कार्यक्रम के दौरान चर्चा की।