कोरग्रुप में भावी रणनीति पर चर्चा
राज्य ब्यूरो, देहरादून: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने प्रदेश संगठन को मिशन-2017 में न सिर्फ
राज्य ब्यूरो, देहरादून: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने प्रदेश संगठन को मिशन-2017 में न सिर्फ फतह हासिल करने, बल्कि उत्तराखंड की सत्ता पर भाजपा को लंबी अवधि के लिए स्थापित करने का बड़ा लक्ष्य दे दिया है। पार्टी अध्यक्ष शाह ने पार्टी की कोर ग्रुप की बैठक में इस बाबत भविष्य की रणनीति पर चर्चा भी की। साथ ही, पार्टी के स्थानीय नेताओं को यह लक्ष्य को हासिल करने के लिए एकजुट होने की नसीहत दी।
रविवार को प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करने के बाद भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने प्रदेश भाजपा के कोर ग्रुप के साथ भी अलग से बंद कमरे में बैठक की। हालांकि, इससे पूर्व सांसदों व विधायकों के साथ भी पार्टी अध्यक्ष की बैठक तय थी, मगर किन्हीं कारणों से यह बैठक नहीं हो पाई। सूत्रों के मुताबिक देर रात कोर ग्रुप की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि प्रदेश में 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी को सिर्फ जीत नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सत्ता पर लंबी अवधि के लिए स्थापित करने का लक्ष्य हासिल करना होगा।
गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों की तर्ज पर उत्तराखंड में भी सत्ता की अदला-बदली की परंपरा खत्म करनी होगी। उन्होंने इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए कोर ग्रुप के साथ भावी रणनीति पर भी चर्चा की। इस दौरान जम्मू-कश्मीर, भूमि अधिग्रहण बिल जैसे विषयों पर पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए भी प्रदेश संगठन को ठोस रणनीति बनाने के निर्देश दिए। साथ ही, संपर्क महाअभियान की सफलता और जिलों में पार्टी कार्यालयों के निर्माण की योजना पर भी अमल की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
सोमवार को राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश की मौजूदगी में प्रदेश भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक में इन तमाम सभी बिंदुओं पर फिर से चर्चा कर रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन रामलाल, सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, प्रदेश अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी, भगत सिंह कोश्यारी, डा. रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मनोहरकांत ध्यानी, बिशन सिंह चुफाल, राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल बलूनी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य त्रिवेंद्र सिंह रावत, नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट, हरबंस कपूर, प्रदेश महामंत्री संजय कुमार, प्रकाश पंत, ज्ञान सिंह नेगी, नरेश बंसल मौजूद थे।