राष्ट्रीय खेलों को आइओसी से करार
राज्य ब्यूरो, देहरादून: प्रदेश में वर्ष 2018 में होने वाले राष्ट्रीय खेलों के लिए प्रदेश सरकार और भा
राज्य ब्यूरो, देहरादून: प्रदेश में वर्ष 2018 में होने वाले राष्ट्रीय खेलों के लिए प्रदेश सरकार और भारतीय ओलंपिक संघ के बीच विधिवत रूप से करार हो गया है। शनिवार को मुख्यमंत्री हरीश रावत और भारतीय ओलंपिक संघ के महासचिव राजीव मेहता ने खेलों के मेजबान शहर को लेकर करार पर हस्ताक्षर किए। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के लिए प्रदेश पूरी तरह तैयार है। इसके लिए बकायदा एक रोडमैप बनाकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
बीजापुर राज्य अतिथि गृह मे आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय खेलों के लिए विधिवत रूप से करार किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि आयोजन के लिए हल्द्वानी व देहरादून में तमाम खेल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इन दोनों जिलों में खेल गांव बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रदेश में राष्ट्रीय स्तर के दो खेल स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं। इनमें से एक अगले आठ माह में तैयार हो जाएगा। दो हाई एल्टीट्यूड स्पोर्ट्स स्टेडियम भी खोले जा रहे हैं। सरकार इस वर्ष ग्रामीण खेलों पर फोकस कर रही है। प्रदेश सरकार ने खेलों के आयोजन के लिए पहली औपचारिकता पूरी की है। खेलों के ओलंपिक संघ को पूरा सहयोग दिया जाएगा।
इस मौके पर खेल मंत्री दिनेश अग्रवाल ने कहा कि खेलों के सफल आयोजन के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य के लिए यह बड़ी उपलब्धि है। भारतीय ओलंपिक संघ के महासचिव राजीव मेहता ने कहा कि उत्तराखंड में होने वाले खेल केरल से बेहतर होंगे। खेलों के लिए बेहतर सुविधा विकसित करने के लिए सरकार को पूरा सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी देहरादून व हल्द्वानी को मेजबान शहर के रूप में चिन्हित किया गया है। जरुरत पड़ने पर इनकी संख्या बढ़ाई जा सकती है। इस मौके पर भारतीय ओलंपिक संघ व खेल विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे।