जर्जर पोल दे रहा हादसे को न्योता
संवाद सहयोगी, विकासनगर: जर्जर विद्युत पोल हादसे को न्योता दे रहा है। बीच बस्ती में खड़े इस पोल से गुड
संवाद सहयोगी, विकासनगर: जर्जर विद्युत पोल हादसे को न्योता दे रहा है। बीच बस्ती में खड़े इस पोल से गुडरिच बस्ती को बिजली सप्लाई होती है। स्थानीय लोग कई बार पोल बदलने के लिए ऊर्जा निगम से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन ऊर्जा निगम के अधिकारी चुप्पी साधे बैठे हैं।
नगर क्षेत्र से लगे गुडरिच में बिजली सप्लाई करने के लिए लगाया पोल तीन वर्ष से जर्जर हालत है। जंग लगे पोल का निचला हिस्सा खोखला हो चुका है। इसके चलते पोल कभी भी धराशायी हो सकता है। जर्जर पोल के चलते बस्तीवासी डर के साए में जी रहे हैं। ऐसा नहीं कि नगर व आसपास के क्षेत्रों में एक ही विद्युत पोल की हालत जर्जर है। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे दर्जनों पोल हैं जो गिरने की हालत में हैं। बावजूद इसके इन पोलों से बिजली की तारें गुजर रही हैं, लेकिन निगम अधिकारी इन पोलों को बदलने में गंभीरता नहीं बरत रहे हैं। इसके चलते स्थानीय लोगों में आक्रोश भी है। गुडरिच में खोखले पड़े पोल को बदलने के लिए बस्तीवासी निगम अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं। स्थानीय योगराज राणा, विनोद कुमार, सुनील पठानिया, रीता देवी ने कहा कि जर्जर पोल के चलते बच्चों को खुले में खेलने से रोकना पड़ रहा है। आंधी व बारिश में पोल के गिरकर हादसा होने की आशंका बनी रहती है। बावजूद इसके निगम अधिकारी जनता की समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उधर, ऊर्जा निगम के एसडीओ प्रकाश पंत ने कहा कि पूरे क्षेत्र के जर्जर पोल बदलने के लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है। जल्द ही सभी जर्जर पोल बदल दिए जाएंगे।