हाईकमान से सीएम की मुलाकात आज संभावित
राज्य ब्यूरो, देहरादून राज्यसभा की रिक्त सीट पर दावेदारी को कांग्रेस में होड़ तेज हो गई है। बुधवार
राज्य ब्यूरो, देहरादून
राज्यसभा की रिक्त सीट पर दावेदारी को कांग्रेस में होड़ तेज हो गई है। बुधवार को नई दिल्ली दौरे पर गए मुख्यमंत्री हरीश रावत की गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी के साथ मुलाकात हो सकती है। माना जा रहा है कि इस मुलाकात में पार्टी हाईकमान राज्यसभा सीट पर स्थिति साफ कर सकता है। उधर, पार्टी की प्रदेश प्रवक्त शिल्पी अरोड़ा ने भी अपना दावा पेश करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय को पत्र भेजा है।
राज्यसभा की रिक्त सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा को भी दावेदार माना जा रहा है। हालांकि, पूर्व मुख्यमंत्री बहुगुणा ने इस बारे में खुलकर अपनी राय जाहिर नहीं की है। बहुगुणा खेमे की ओर से इस सीट पर अंदरखाने दावेदारी जरूर जताई जा रही है। वहीं बुधवार को नई दिल्ली दौरे पर गए मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मुलाकात के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से वक्त मांगा है। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री की गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी के साथ ही पार्टी के केंद्रीय नेताओं से मुलाकात हो सकती है। इस मुलाकात में राज्यसभा सीट पर प्रत्याशी चयन के मुद्दे पर वार्ता तय मानी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक इस सीट पर राज्य से बाहर कांग्रेसी नेताओं की नजरें भी गड़ी हुई हैं। हालांकि, बाहर के किसी नेता की झोली में यह सीट जाने की स्थिति में कांग्रेस को आगामी विधानसभा चुनाव में इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। लिहाजा अंदरखाने राज्य से ही क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखकर प्रत्याशी का चुनाव करने पर जोर दिया जा रहा है। राज्यसभा सीट के लिए नामांकन दस मार्च को होना है। माना जा रहा है कि होली के बाद कांग्रेस प्रत्याशी की घोषणा की जा सकती है।
उधर, राज्यसभा सीट पर अपनी पैरवी के लिए उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने दिल्ली की राह पकड़ी। वहीं कांग्रेस नेत्री शिल्पी अरोड़ा ने भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को पत्र भेजकर राज्यसभा सीट पर दावेदारी पेश की है।