पानी की बौछार कर रोके युवा कांग्रेसी
जागरण संवाददाता, देहरादून: केंद्र सरकार के भू-अधिग्रहण अध्यादेश को किसान विरोधी और उद्यमियों को लाभ
जागरण संवाददाता, देहरादून: केंद्र सरकार के भू-अधिग्रहण अध्यादेश को किसान विरोधी और उद्यमियों को लाभ पहुंचाने वाला करार देते हुए युवा कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन कर रही है। इसी कड़ी में शनिवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा प्रदेश कार्यालय पर प्रदर्शन के लिए निकले। हालांकि, जिला प्रशासन और पुलिस ने उन्हें सर्वे चौक पर ही रोक लिया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत शनिवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में एकत्र हुए। यहां वक्ताओं ने कहा कि भाजपा का भू-अधिग्रहण अध्यादेश भू-माफिया और उद्यमियों के अनुकूल है, जबकि किसानों के लिए घातक। उन्होंने कहा कि विनाश की कीमत पर विकास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय भी युवा कांग्रेसियों के बीच पहुंचे और कहा कि इस पहल में उन्हें कांग्रेस का भी समर्थन है। उन्होंने कहा कि इस काले कानून को किसी भी हालत में किसानों पर थोपने नहीं दिया जाएगा। इसके बाद युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश कार्यालय के लिए कूच किया।
युवा कांग्रेसियों को सर्वे चौक पर पुलिस और प्रशासन ने रोक लिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोंकझोक भी हुई। कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को पानी की बौछारें मारनी पड़ी। इसके बाद एसडीएम एमएस बर्निया ने युवा कांग्रेसियों से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन लिया। इस मौके पर प्रदेश प्रभारी और युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मनीष ठाकुर ने कहा कि आगामी संसद सत्र के दौरान इसके विरोध में दिल्ली में प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष भुवन कापड़ी, उपाध्यक्ष विक्रम रावत, प्रदेश महासचिव डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, प्रदेश सचिव प्रवेश रावत समेत शिवेश बहुगुणा, मनोज कुकरेती, सविता भंट्ट, सुष्मिता पंत, प्रियंका आदि मौजूद थे।