अभियान पर नजर रखने को डीजीपी लखनऊ रवाना
संवाद सहयोगी, देहरादून: कुख्यात भूरा की गिरफ्तारी को चल रहे पुलिस के संयुक्त अभियान पर नजर रखने के ल
संवाद सहयोगी, देहरादून: कुख्यात भूरा की गिरफ्तारी को चल रहे पुलिस के संयुक्त अभियान पर नजर रखने के लिए डीजीपी बीएस सिद्धू रविवार को लखनऊ रवाना हो गए। वहां उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय से पूरे अभियान की निगरानी की जा रही है।
15 दिसंबर को पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए कुख्यात अमित भूरा की तलाश में तीन राज्यों की पुलिस लगातार खाक छान रही है। इसके बावजूद उसका अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। भूरा की गिरफ्तारी को पहले उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की पुलिस टीमें संयुक्त रूप से अभियान चला रही थीं। लेकिन, शनिवार को दिल्ली में हुई बैठक के बाद इस अभियान में दिल्ली पुलिस भी शामिल हो गई।
बता दें कि, भूरा के खिलाफ दिल्ली के अलग-अलग थानों में 16 मुकदमें दर्ज हैं। भूरा दिल्ली के न्यायालय से भी एक बार फरार हो चुका है। तीन दिन पहले भूरा को छुड़ाने की योजना बनाने वाले दो आरोपियों बॉबी तोमर और समरपाल निवासी बड़ौत को भी संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद से इस अभियान पर लखनऊ में उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय से नजर रखी जा रही है। दिल्ली के पुलिस उच्चाधिकारियों के साथ ही रविवार को उत्तराखंड पुलिस के मुखिया डीजीपी बीएस सिद्धू भी लखनऊ पहुंच गए हैं।
आइजी जेल ने किया जेल निरीक्षण
हाल ही में नियुक्त हुए आइजी जेल पीवीके प्रसाद ने शनिवार शाम सुद्धोवाला जेल का निरीक्षण किया। आइजी ने बताया कि जेल में कई तरह की अनियमितताएं पाई गई, जिनमें सही समय पर पर्याप्त चेकिंग न होना अहम् है। इसके लिए जेल प्रशासन को कड़े निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी बात यह है कि सुद्धोवाला जेल में क्षमता से कहीं अधिक कैदी रखे गए हैं। इनकी निगरानी के लिए यहां पर्याप्त फोर्स भी नहीं है।