पुलिस ने मांगा गूगल का गलत नक्शा
संवाद सहयोगी, देहरादून: भारतीय सीमाओं को गलत दर्शाने के मामले में डालनवाला पुलिस ने भारतीय सर्वेक्षण
संवाद सहयोगी, देहरादून: भारतीय सीमाओं को गलत दर्शाने के मामले में डालनवाला पुलिस ने भारतीय सर्वेक्षण विभाग से गूगल का गलत नक्शा और भारत का वास्तविक नक्शा उपलब्ध कराने को कहा है। साथ ही गूगल वेबसाइट को भी विभाग और पुलिस के द्वारा इस कार्यवाही की जानकारी दी जाएगी।
बता दें कि, कुछ दिन पहले हाथीबड़कला स्थित भारतीय सर्वेक्षण विभाग के सुपरिटेंडेंट सर्वेयर फॉर सर्वेयर जनरल ऑफ इंडिया एनसी गौड़ ने डालनवाला थाना में गूगल के खिलाफ तहरीर दी थी। यह तहरीर भारत सरकार की ओर से विभाग को मिले एक पत्र के आधार पर दी गई थी। बताया गया था कि गूगल ने अपनी वेबसाइट में भारत की सीमाओं को गलत दर्शाया है। इसमें राजस्थान और पंजाब को पाकिस्तान के हिस्से में दिखाया गया है। इस मामले को शुरुआत में डालनवाला पुलिस ने जांच के लिए सायबर सेल भेज दिया था। करीब तीन दिन जांच करने के बाद श्री गौड़ की शिकायत की आधार पर आइटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसकी जांच करते हुए इंस्पेक्टर डालनवाला अनिल कुमार जोशी ने बताया कि सर्वे ऑफ इंडिया की ओर से वह नक्शा उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिसमें भारत की सीमाओं को गलत दर्शाया गया है। इसलिए विभाग से इस नक्शे के साथ ही भारत का वास्तविक नक्शा उपलब्ध कराने को कहा गया है। फिलहाल शिकायतकर्ता हैदराबाद में हैं उनके आने के बाद ही यह जानकारी पुलिस को मिल सकती है। इसकी जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वर्तमान में सही है गूगल का नक्शा
इंस्पेक्टर जोशी ने बताया कि वर्तमान में गूगल मैप की वेबसाइट पर भारत के नक्शे को सही दर्शाया जा रहा है। इसलिए यह असमंजसता बनी हुई है कि गूगल ने यह नक्शा कब दर्शाया था।