सिलेंडर फटने से सात लोग झुलसे, गंभीर
जागरण संवाददाता, विकासनगर: डाकपत्थर में डीसीसीडी कार्यालय के सामने स्थित कॉलोनी में रिटायर्ड सिंचाई कर्मी के घर में सिलेंडर फटने से सात लोग झुलस गए। झुलसे लोगों को सीएचसी व लेहमन अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद कोरोनेशन अस्पताल देहरादून रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार रिटायर्ड सिंचाई कर्मी सत्यपाल वर्मा ने 21 अप्रैल को अपनी बेटी की शादी की थी। गुरुवार को वह शादी के लिए लाए गए गैस सिलेंडरों को लौटाने की तैयारी कर रहे थे। इस बीच करीब शाम चार बजे एक पांच लीटर का सिलेंडर धमाके के साथ फट गया। सिलेंडर में हुए धमाके से मकान में आग लग गई। हादसे में घर में मौजूद राकेश कुमार, नीलम वर्मा, धेवती रिया वर्मा, लक्ष्य वर्मा, रश्मि वर्मा, सुशीला वर्मा और सत्यपाल वर्मा बुरी तरह झुलस गए।
सिलेंडर का धमाका इतना तेज था कि सत्यपाल वर्मा का मकान तो क्षतिग्रस्त हो ही गया, साथ ही पड़ोसी रामप्रकाश चमोली के घर को भी काफी नुकसान पहुंचा। सूचना मिलने पर सीओ एसके सिंह तत्काल फायर बिग्रेड के साथ मौके पर पहुंचे। घर में लगी आग को बुझाने के साथ ही पुलिस व अग्निशमन कर्मियों ने झुलसे लोगों व 10 रसोई गैस सिलेंडरों को बाहर निकाला।
पुलिस ने घायलों को तुरंत सीएचसी व लेहमन अस्पताल पहुंचाया। सातों झुलसे लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें कोरोनेशन अस्पताल देहरादून रेफर कर दिया। चिकित्सकों ने सत्यपाल व रश्मि की हालत ज्यादा गंभीर बताते हुए उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया। शेष पांच का अभी यहीं उपचार चल रहा है। सीओ के अनुसार सिलेंडर फटने के मामले की जांच की जा रही है।