फिर बढ़ा अवैध खनन
जागरण संवाददाता, विकासनगर: पछवादून की नदियों में फिर से अवैध खनन तेज हो गया है। इसमें लिप्त लोग प्रशासन व पुलिस के लोकसभा चुनाव में व्यस्त होने का पूरा फायदा उठा रहे हैं। धड़ल्ले से यमुना से अवैध खनन कर शक्तिनहर किनारे के रास्ते से वाहन निकाले जा रहे हैं। तहसील प्रशासन व पुलिस की सक्रियता कम होने के कारण अवैध खनन पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
पछवादून की यमुना, आसन, रवासन, टौंस आदि नदियों में अवैध खनन रोकने के लिए तहसील प्रशासन, पुलिस, खनन विभाग, वन विभाग का भारी भरकम अमला है। इसके बाद भी अवैध खनन पर पूर्ण अंकुश नहीं लग पाया। यमुना में रामपुर मंडी, ढालीपुर व नवाबगढ़ घाटों से अवैध खनन भरकर वाहन धड़ल्ले से निकल रहे हैं। अवैध खनन रोकने के लिए लगाई पीएसी भी कुछ नहीं कर रही है। कुछ समय से तहसील प्रशासन व पुलिस की चुनाव आदि को लेकर व्यस्तता बढ़ने का पूरा फायदा अवैध खनन में लिप्त लोग उठा रहे हैं। नदियों से पत्थर उठान की अनुमति किसी को भी नहीं है, फिर भी अवैध खनन के रूप में पत्थर ढोते वाहन आसानी से दिखाई दे जाएंगे, जो रवन्नों की आड़ लेकर अवैध को वैध करने के काम में जुटे हैं। कुछ समय से वन विभाग के अधिकारी भी अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। उधर, पुलिस क्षेत्राधिकारी स्वप्न किशोर सिंह के अनुसार अवैध खनन पर पूरी तरह से अंकुश को अभियान तेज किया जाएगा। डाकपत्थर बैराज से रामपुर मंडी तक यमुना में होने वाले अवैध खनन पर पूर्ण अंकुश को छापेमार कार्रवाई की जाएगी।
--------
तेज गति वाहन बने मुसीबत
खनन से भरे तेज गति से भागते वाहन लोगों की जान के लिए खतरा बने हुए हैं। पश्चिमवाला रोड, अंबाड़ी रोड पर तेज गति से ट्रैक्टर ट्राली भागते हैं।