लोहाघाट में योगेश की ताजपोशी तय
लोहाघाट : ब्लाक प्रमुख पद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी नवीन बोहरा द्वारा योगेश मेहता के समर्थन में मैदान से हटने के निर्णय के बाद अब लोहाघाट में भी निर्विरोध ब्लाक प्रमुख चुना जाना तय हो गया है। पाटी में प्रमुख पद के लिए एक मात्र नामांकन होने से पुष्पा लमगड़िया का निर्विरोध निर्वाचित होना पहले दिन ही तय हो गया था।
दोनों प्रत्याशियों के एक ही पृष्ठभूमि से होने के कारण शुक्रवार को भाजपा के वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद नवीन बोहरा ने योगेश के समर्थन में मैदान से हटने का निर्णय लिया। पार्टी हाईकमान द्वारा ब्लाक प्रमुख के लिए बोहरा को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित करने के बाद योगेश मेहता ने ब्लाक प्रमुख का चुनाव निर्दलीय लड़ने का फैसला किया था। जिससेभाजपा में अंतरकलह की स्थिति पैदा हो गई। पार्टी के भीतर बगावत होती देख भाजपा ने दामन बचाने के लिए अतंत: अपने दोनों कार्यकर्ताओं में सुलह करा ली। पार्टी जिलाध्यक्ष सुभाष बगौली की अध्यक्षता एवं जिला पंचायत सदस्य मुकेश कुमार के संचालन में हुई बैठक में तय हुआ कि पार्टी का हित सर्वोपरि है। चूंकि प्रमुख पद के दोनों प्रत्याशी भाजपा के हैं। लिहाजा नवीन बोहरा, योगेश के समर्थन में चुनाव मैदान से हटेंगे। सूत्रों के अनुसार दोनों प्रत्याशियों की सुलह कराने में विधायक पूरन सिंह फत्र्याल का रोल भी काफी अहम रहा। पार्टी जिलाध्यक्ष ने इस निर्णय की जानकारी प्रदेश अध्यक्ष व संगठन मंत्री को दे दी है। अब यह साफ हो गया है कि लोहाघाट में भाजपा के योगेश मेहता तथा पाटी में कांग्रेस की पुष्पा लमगड़िया ब्लाक प्रमुख होंगे।