पंचेश्वर बांध निर्माण की तैयारी जानी
जागरण संवाददाता, चम्पावत : केंद्रीय जल संसाधन मंत्रालय के सचिव डॉ.अमरजीत सिंह ने प्रस्तावित पंचेश
जागरण संवाददाता, चम्पावत : केंद्रीय जल संसाधन मंत्रालय के सचिव डॉ.अमरजीत सिंह ने प्रस्तावित पंचेश्वर बांध परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मौके पर उनके साथ नेपाल के अधिकारी भी मौजूद रहे।
शनिवार को केंद्रीय सचिव ने डूब क्षेत्र रामेश्वर, प्रस्तावित पंचेश्वर बांध परियोजना स्थल का निरीक्षण किया। मौके पर उन्होंने अधिकारियों से डूब क्षेत्र में आने वाले गांवों और विस्थापित क्षेत्र की विस्तार से जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने भूगर्भीय सर्वे के लिए सुरंग बना रही वाप्कोस कंपनी के अधिकारियों से भी जानकारी ली और सुरंग निर्माण का निरीक्षण किया। केंद्रीय सचिव ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि बांध निर्माण के लिए डीपीआर अंतिम चरण में है। भूगर्भीय सर्वे और अन्य जरूरी कार्रवाई पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि बांध बनने से क्षेत्र का विकास होगा। बांध बनने के बाद जहां पर्यटन की अपार संभावनाएं बढ़ेंगी वहीं लोगों को रोजगार भी मिलेगा। पंचेश्वर बांध बनने के बाद पलायन पर काफी हद तक लगाम लगेगी। विस्थापितों को पुनर्वासित करना उनकी पहली प्राथमिकता है। इस मौके पर उनके साथ जिलाधिकारी डॉ.अहमद इकबाल, एसडीएम सीमा विश्वकर्मा, कमिश्नर फ्लड मैनेजमेंट चंद्रशेखर अय्यर, अशोक, अनुपम मिश्रा, नेपाल के अधिकारी दिलीप आदि मौजूद रहे।
भूगर्भीय सर्वे के लिए खोदी सुरंग
चम्पावत : पंचेश्वर बांध निर्माण को लेकर भूगर्भीय सर्वे के लिए सुरंग खोदी गई है। इस सुरंग की लंबाई 625 मीटर है। भारत की ओर से 357 और नेपाल की ओर से 250 मीटर सुरंग खोदी गई है। पंचेश्वर बांध को लेकर भू-गर्भ की स्थिति को जानने के लिए इस सुरंग का निर्माण किया गया है।
प्रस्तावित पंचेश्वर बांध की स्थिति
ऊंचाई - 311 मीटर
विद्युत क्षमता - 5040
डूब क्षेत्र - 24 गांव भारत, 11 गांव नेपाल
परियोजना की प्रस्तावित लागत - 50 हजार करोड़