1365 करोड़ से बनेगी ऑल वेदर रोड
दिनेश अवस्थी, चम्पावत : पिथौरागढ़ से टनकपुर तक कठिन माना जाने वाला सफर अब बेहद आसान हो जाएगा। 150
दिनेश अवस्थी, चम्पावत : पिथौरागढ़ से टनकपुर तक कठिन माना जाने वाला सफर अब बेहद आसान हो जाएगा। 150 किमी के सफर में यात्रियों को कई जगहों पर बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। सड़क को आल वेदर रोड बनाने के लिए 1365 करोड़ रुपए के टेंडर हो गए हैं। वर्ष 2020 से पूर्व तक सड़क का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
केंद्र सरकार के सड़क एवं परिवहन मंत्रालय ने टनकपुर-पिथौरागढ़ सड़क को आल वेदर रोड में शामिल किया है। यह सड़क अभी सिंगल है। इसके चलते सफर बेहद कष्टदायक होता है। सड़क कई जगहों पर बेहद खतरनाक स्थिति में भी है। इसके चलते मैदान में बस गए पर्वतीय मूल के अधिकांश लोग पहाड़ों में आना नहीं चाहते हैं। आल वेदर रोड के अंतर्गत टू-लेन सड़क पेव्ड सोल्डर युक्त बनेगी। सड़क के किनारों पर पक्की पटरी बनेगी। हिल प्रोटेक्शन के तहत क्रश वैरियर तथा दुर्घटनाएं रोकने के लिए दीवारें बनाई जाएंगी। बसों व ट्रकों के अलावा यात्रियों के लिए विश्राम स्थल बनेंगे। जिन जगहों पर ट्रक या अन्य वाहन अधिक रुकते हैं वहां पर उनकी सुविधा के लिए एक्स्ट्रा लेन बनाई जाएगी। त्रीव व छोटे मोड़ बड़े बनाए जाएंगे जिससे कि दुर्घटना की आशंका न रहे। पूरी सड़क का ज्यामितीय ढंग से सुधार किया जाएगा। 1365 करोड़ रुपए से आल वेदर रोड का निर्माण होना है। इसके लिए नेशनल हाइवे डिवीजन ने टेंडर करा लिए हैं। गाजियाबाद की कंपनी यूक्रेन के इंजीनियरों की मदद से सड़क का काम करेगी। इसके अलावा हरियाणा व महाराष्ट्र की कंपनियों को भी सड़क निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 12 मीटर चौड़ी सड़क में साढ़े दस मीटर तक डामरीकरण होगा। चल्थी में 165 मीटर लंबा व 12 मीटर चौड़ा पुल बनाया जाएगा। यदि जरूरत हुई तो अन्य पुल भी बनेंगे। इसके अलावा तीन हजार नए कल्वर्ट बनाए जाएंगे। इस सड़क के बन जाने से टनकपुर-पिथौरागढ़ का सफर यात्रियों के न केवल लिए बेहद सुरक्षित होगा बल्कि यात्रा भी करीब तीन घंटे में पूरी हो जाएगी।
चार हजार पेड़ों की चढ़ेगी बलि
चम्पावत : टनकपुर-पिथौरागढ़ आल वेदर रोड निर्माण में चार हजार पेड़ों की बलि चढ़ेगी। इसके बाद ही सड़क चौड़ीकरण का कार्य होगा। पेड़ों का मुआवजा वन विभाग को दिया जाएगा। वन भूमि को छोड़कर करीब 30 हेक्टेयर भूमि भी इसके दायरे में आ रही है। भू स्वामियों को जमीन का भुगतान मिलेगा।
तीन बाइपास बनेंगे
चम्पावत : आल वेदर रोड के लिए चम्पावत, लोहाघाट तथा पिथौरागढ़ में तीन बाइपास बनाए जाएंगे। इससे सफर निर्विघ्न होगा। साथ ही तीनों जगहों पर वाहनों का दवाब कम होने से आए दिन लगने वाले जाम से निजात मिलेगी।
=== आल वेदर रोड के लिए टेंडर प्रक्रिया हो गई है। इससे सड़क का कायाकल्प होगा। साथ ही सफर भी सुरक्षित होगा। सड़क निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। एलडी मथेला, ईई एनएच, लोहाघाट डिवीजन